दून की प्रमुख खेल खबरें, पढ़िए एक क्लिक पर
डीडीसीएसए इंटर काउंसिल स्कूल सब-जूनियर ब्वायज फुटबाल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले गए। समर वैली ने कर्नल ब्राउन स्कूल को 3-0, गुरुनानक एकेडमी ने कारमन स्कूल को 5-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में दून पब्लिक स्कूल भानियावाला और कारमन स्कूल डालनवाला की भिड़ंत हुई, जिसमें टाइब्रेकर के सहारे 3-1 से जीत दर्ज कर दून पब्लिक स्कूल सेमीफाइनल में पहुंचा।
सचिवालय क्रिकेट 11 नवंबर से
उत्तराखंड सचिवालय क्रिकेट क्लब के पदाधिकारियों की बैठक में अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता कराने का निर्णय हुआ। यह प्रतियोगिता 11 नवंबर से होगी। 10 टीमों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया गया।
जो टीमें चुनी गई हैं उनमें विधानसभा, सचिवालय-ए, शिक्षा विभाग, पेयजल विभाग, पीडब्लूडी, कृषि, सचिवालय-बी, स्वास्थ्य विभाग, यूपीसीएल, सिंचाई विभाग की टीमें शामिल हैं।
टीमों को दो ग्रुप में विभक्त किया गया है। 20 ओवर की यह प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जाएगी। 17 नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता के मैच रेंजर्स कालेज, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में होगा।
यूनिसन बना सीनियर गर्ल्स फुटबाल विजेता
डीडीसीएसए गर्ल्स सीनियर फुटबाल टूर्नामेंट का खिताब यूनिसन वर्ल्ड स्कूल ने जीता। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मैच में उसने प्रतिद्वंद्वी मोरेवियन स्कूल को 3-2 से मात दी। यूनिसन की ओर से कृष्णा, चारू, आरजू ने गोल किए। मोरेवियन की ओर से मनीषा रावत और स्टेंजिन ने गोल दागे।
वेल्हम गर्ल्स ने जीता जूनियर बास्केटबाल खिताब
डीडीएससीए जूनियर गर्ल्स (अंडर-15) बास्केटबाल खिताब वेल्हम गर्ल्स ने जीता। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में उसने शिगाली हिल्स इंटरनेशनल एकेडमी को करारी शिकस्त दी। वेल्हम गर्ल्स की तरफ से श्रद्धा राय ने सर्वाधिक 16 प्वाइंट्स हासिल किए।
श्रद्धा को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर आफ द टूर्नामेंट के खिताब से भी नवाजा गया। शिगाली हिल्स इंटरनेशनल एकेडमी की श्रुति को मोस्ट प्रामिसिंग प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।