एशियन गेम्स: यमुनानगर के राजपूत ने जीता कांस्य
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने के बाद यमुनानगर जिले के राजपूत ने साउथ कोरिया में चल रहे इंचियोन एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक हासिल कर लिया है।
जगाधरी निवासी नेवी अफसर संजीव राजपूत को दस मीटर राइफल शूटिंग के टीम इवेंट में यह कामयाबी हासिल हुई। उनके साथ टीम में राइफल शूटर अभिनव बिंद्रा और रवि कुमार भी शामिल रहे।
संजीव की जीत का समाचार मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगने से जश्न का माहौल है। मंगलवार को दिनभर घर पर पड़ोसी और सगे-संबंधी परिजनों को बधाई देने पहुंचते रहे। परिवार के सदस्यों ने मिठाई बांटकर इस खुशी का इजहार किया।
कॉमनवेल्थ में जीता का रजत पदक
स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में कॉमनवेल्थ गेम्स में भी संजीव ने थ्री पॉजिशन राइफल शूटिंग की 50 मीटर स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था। इसके बाद 17 सितंबर को संजीव राजपूत साउथ कोरिया के इंचियोन एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए थे।
मंगलवार को संजीव ने राइफल शूटर अभिनव बिंद्रा और रवि कुमार के साथ 10 मीटर राइफल शूटिंग के टीम इवेंट में हिस्सा लिया। इस मुकाबले को देखने के लिए संजीव के घर पर परिवार के लोग और शहरवासी टीवी से चिपके दिखाई दिए।
मैच के दौरान संजीव के घर पर उनके पिता कृष्णलाल राजपूत, मां उषा रानी, भाई मनोज कुमार, बहन ललिता मल्होत्रा, जीजा सुमेश मल्होत्रा संजीव के जीतने की दुआएं कर रहे थे। साथ ही जिले के लोगों की भी संजीव से मेडल लाने की आस बंधी हुई थी। उस पर खरा उतर संजीव ने टीम इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया।