{"_id":"1d4de4b029966321a7a3217521200d49","slug":"rule-for-star-player-of-india-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"राष्ट्रीय खेलों से दूरी दिग्गज खिलाड़ियों को पड़ेगी भारी","category":{"title":"Sports Archives","title_hn":"खेल आर्काइव","slug":"sports-archives"}}
राष्ट्रीय खेलों से दूरी दिग्गज खिलाड़ियों को पड़ेगी भारी
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Sun, 22 Feb 2015 10:42 AM IST
विज्ञापन
राष्ट्रीय खेलों में नहीं खेलना दिग्गज खिलाड़ियों को अब भारी पड़ सकता है। भारतीय ओलंपिक महासंघ इसके लिए सख्त नियम बनाने जा रहा है।
विज्ञापन
इसके अनुसार बड़े खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेलों में भागीदारी करना अनिवार्य होगा। नहीं खेलने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने पर रोक लगाई जा सकती है।
स्टार खिलाड़ियों ने नहीं लिया हिस्सा
केरल में हुए राष्ट्रीय खेलों में सायना नेहवाल, एमसी मैरी कॉम, विजेंदर सिंह, पीवी संधू, मनोज कुमार, शिव थापा, अभिनव बिंद्रा, गगन नारंग, योगेश्वर दत्त, अखिल जैसे स्टार खिलाड़ियों ने हिस्सा नहीं लिया था। इससे भारतीय ओलंपिक संघ काफी खफा है।
विज्ञापन
भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि राष्ट्रीय खेल 2015 में कई खिलाड़ी नहीं खेले, जबकि उनकी कोई प्रतियोगिताएं भी आसपास नहीं थी। इसे ओलंपिक संघ ने गंभीरता से लिया है।
विज्ञापन
अब संघ ऐसा नियम बनाया जा रहा है, जिसके तहत सभी स्टार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेलों में खेलना अनिवार्य हो जाएगा। अगर कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग नहीं करेगा, तो उसे अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेलने पर भी रोक लगाई जा सकती है।
राष्ट्रीय खेलों के आसपास अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता होने पर ही छूट दी जाएगी। मेहता ने कहा कि 2015 की भारतीय ओलंपिक संघ की बैठक में नियम को मंजूरी मिलने के बाद इसे आगामी राष्ट्रीय खेलों से लागू किया जाएगा।