अब पाकिस्तानी बोले-मोदी अच्छे दिन लाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के भावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी मुल्कों को न्योता देकर जिस तरह की मिसाल पेश की है, उसकी चर्चा सिर्फ अपने देश में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी है। वहां भी मोदी के मुरीदों की कमी नहीं है और उन्होंने भी नरेंद्र मोदी से बड़ी उम्मीद बांध रखी है।
उनका कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान के साथ दोस्ती का जो हाथ बढ़ाया था, अब मोदी उसे मुकम्मल जहां तक पहुंचाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को न्योता भेजकर उन्होंने पहला कदम बढ़ा दिया है। पंचकूला में 21वीं ऑल इंडिया चौधरी रणबीर सिंह अंडर-17 लीग क्रिकेट चैंपियनशिप के प्रैक्टिस मैच खेलने वीरवार को पहुंचे लाहौर स्कूल स्पोर्ट्स अकादमी पाकिस्तान के खिलाड़ी व कोच ने अपने दिल की बात साझा की।
नरेंद्र मोदी साफ दिल के नेता
‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में इन खिलाड़ियों ने कहा कि नरेंद्र मोदी साफ दिल के नेता हैं, इसलिए भारत की करोड़ों जनता ने उन्हें भारी बहुमत देकर नेतृत्व का मौका दिया। काफी संख्या में पाकिस्तानी भी मोदी के मुरीद हैं और वहां की उनकी चर्चा जोरों पर है। पाकिस्तान के लोग भी भारत में ऐसे आना-जाना चाहते हैं, जैसे लोग एक शहर से दूसरे शहर आते-जाते हैं। वहीं, लाहौर के क्रिकेट कोच का कहना है कि दोनों देशों के रिश्तों में जो थोड़ी-बहुत खटास रह गई थी, मोदी उसे जरूर दूर करेंगे।
पाकिस्तानियों को भी नाज है मोदी की सोच पर
लाहौर स्कूल स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों को भी मोदी की सोच पर नाज है। उन्होंने बताया कि उन्होंने तीन-चार दिन पहले टीवी पर मोदी का भाषण सुना था, जिसमें उन्होंने देश की बेहतरी के लिए अच्छा संदेश दिया था। यह अच्छे नेता की बेहतर सोच है। इससे देश का विकास और लोगों का विश्वास बढ़ेगा, तभी देश का विकास होगा।
ये कहते हैं पाक कोच और खिलाड़ी
तीन चार दिन पहले नरेंद्र मोदी की स्पीच सुनने का मौका मिला था। उन्होंने भारत-पाक रिश्ते और अच्छे होने की बात कही थी। सुनकर काफी अच्छा लगा।
- वकाश अहमद, खिलाड़ी, पाकिस्तान
भाजपा की तरफ से भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने दोस्ती का जो हाथ बढ़ाया था, अब नरेंद्र मोदी उस दोस्ती को और मजबूत बनाएंगे। पाकिस्तान के लोगों ने भी मोदी से बड़ी उम्मीद बंधा रखी है।
- आदिल, खिलाड़ी, पाकिस्तान
नरेंद्र मोदी साफ दिल के नेता हैं, तभी तो भारत के करोड़ों लोगों ने अपना समर्थन दिया है। रहा सवाल भारत और पाकिस्तान के रिश्तों का, तो मोदी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को न्योता भेजकर मजबूत रिश्ते बनाने की शुरुआत कर दी है। यह हमारे लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं है।
- मोहम्मद शहजाद कुरैशी, कोच पाकिस्तान