भारत में यहां होगा WWE मुकाबला, 'द ग्रेट खली' करेंगे लांच
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘प्रो-रेसलिंग प्रतिभा कार्यक्रम-द ग्रेट खली’ का शुभारंभ किया। इसे ‘कांटीनेंटल रेसलिंग इंटरटेनमेंट’ (सीडब्ल्यूई) नाम दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2016 में नेशनल गेम्स से पहले हल्द्वानी और देहरादून में रेशलर दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली द्वारा इंडियन रेसलिंग का डब्ल्यूडब्ल्यूई वर्जन लांच किया जाएगा। इसमें सीएम4यूथ कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन को खेल विशेषज्ञ और ब्रांड मैनेजमेंट कंपनी ‘इंटीग्रेटेड ब्रांड साल्यूशंस (आईबीएस)’ की सहभागिता में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सीएम4यूथ का भी समर्थन प्राप्त होगा।
युवाओं से जुड़ने के सीएम ने बनाया फेसबुक पेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम4यूथ कार्यक्रम के तहत वे विशेष तौर पर तैयार की गई सोशल साइट www.facebook.com/CM4Youth के माध्यम से युवाओं के नियमित संपर्क में रहते हैं। उन्होंने कहा कि खली पारंपरिक खेल ‘कुश्ती यानी रेसलिंग’ के आधुनिक प्रारूप को प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रहे हैं।
द ग्रेट खली (दिलीप सिंह राणा) ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत युवाओं के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर अपर स्थानिक आयुक्त एसडी शर्मा, सोशल मीडिया समन्वयक हरपाल सिंह रावत आदि उपस्थित थे।