कपड़ों से करें अपना स्मार्टफोन चार्ज, जानिए कैसे?
बैटरी डिस्चार्ज होने की एक बीप से स्मार्टफोन की तमाम खूबियां बेकार लगने लगती हैं और आप आसपास कोई चार्जिंग पोर्ट ढूंढने के लिए मजबूर हो जाते हैं। बड़ी स्क्रीन और ज्यादा फीचर्स के कारण स्मार्टफोन समेत अन्य मोबाइल गैजेट्स की बैट्री लाइफ काफी कम होती है।
मगर, अब वह दिन दूर नहीं, जब आप अपने कपड़ों में लगे सोलर पैनल के जरिए अपने स्मार्टफोन, जीपीएस उपकरण और टैबलेट को आसानी से चार्ज कर पाएंगे। हाल ही में अमेरिका और चीन में हुए एक शोध में यह बात सामने आई है।
सौर ड्रेसेज फोटोवोल्टिक सेल के इस्तेमाल से एक ऐसे उपकरण की तरह काम करेगी, जिससे आप अपने गैजेट्स को आसानी से चार्ज कर पाएंगे।
इन फोटोवोल्टिक सेल्स का निर्माण सिलिकॉन जैसे सेमी-कंडक्टर सामग्री से किया जाता है। इस तकनीक में सूरज की रोशनी जब फोटोवोल्टिक सेल से टकराती है, तो इससे प्राप्त ऊर्जा सेमी-कंडक्टर तक पहुंचती है। सेमी-कंडक्टर में मौजूद इलेक्ट्रॉन से संपर्क में आने से यह ऊर्जा विद्युत प्रवाह में तब्दील हो जाती है।
ये हैं खामियां
लॉस एंजेलिस की एक कंपनी ′सिल्वर लाइनिंग′ कुछ समय पहले सौर सेल तकनीक पर आधारित अपनी कपड़ों की रेंज बाजार में पेश भी कर चुकी है।
इनमें स्टाइलिश दिखने वाले जैकेट से लेकर कार्गो पैंट तक शामिल हैं। इस रेंज में किताब के आकार के सौर ऊर्जा पैनल का प्रयोग बहुत ही प्रभावी ढंग से किया गया है। और इसके माध्यम से आईफोन और अन्य मोबाइल फोन को चार्ज करने की सुविधा मौजूद है। कंपनी के अनुसार यह कपड़े उनके लिए उपयोगी होंगे, जो किसी न किसी काम से घर या ऑफिस से दूर रहते हैं।
इसे लेकर कुछ आशंकाएं भी हैं। इन सौर कपड़ों से विद्युत प्रवाह प्राप्त करने के लिए लंबे समय तक धूप में रहने की जरूरत होगी। सन-बर्न और लू लगने की समस्या हो सकती है। वहीं, मौजूदा सौर कपड़ों में विद्युत ऊर्जा को स्टोर करने की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा इसे आम लोगों तक पहुंचाने के लिए तकनीक का सस्ता होना भी जरूरी है।