फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   Other Archives ›   vij said to hospital staff

मैं स्वयं जाकर देखना चाहता हूं अस्पतालों की खामियां

Mon, 08 Dec 2014 02:36 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक Updated Mon, 08 Dec 2014 02:36 AM IST
विज्ञापन
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि मैं स्वयं मौके पर जाकर खामियां देखना चाहता हूं, इसलिए बिना किसी को बताए मौके पर पहुंचता हूं।
विज्ञापन


जैसे ही अस्पतालों को मेरे आने की सूचना मिलती है, वहां पल भर में व्यवस्थाएं बदल दी जाती हैं। इसलिए आज कोई निरीक्षण नहीं करूंगा, क्योंकि सभी को जानकारी है कि आज मैं रोहतक में हूं।

यह बातें स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रविवार सायं कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों को सुनते हुए कहीं।

पीजीआईएमएस की शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि पंडित भगवत दयाल शर्मा हेल्थ यूनिवर्सिटी रोहतक में पिछले शासन के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होने की शिकायतें मिली हैं। यहां अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, अनियमितता, संसाधनों का प्रयोग न करना व मशीनों का इस्तेमाल न होने जैसी अनगिनत शिकायतें मिली हैं। इसके लिए उच्च स्तर पर जांच कमेटी गठित की है, जिसकी जांच में जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई अफसर अभी धोखे में हैं, शायद उन्हें जानकारी नहीं है कि निजाम बदल गया है। लेकिन वर्षों की बुरी आदतें एक साथ नहीं जाती। यदि वे नहीं बदलते तो उन्हें बदल दिया जाएगा। अब देखना यह है कि वे स्वयं बदलते हैं या हमें कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि हेल्थ यूनिवर्सिटी रोहतक का किसी दिन औचक निरीक्षण किया जाएगा। पिछले 40 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य विभाग की हालत खस्ता हुई है, इसकी जिम्मेदारी तत्कालीन सरकारों की रही है। उन्होंने कहा कि पिछले शासनकाल के दौरान अपने राजनैतिक संबंधों का लाभ उठाकर अनेक चिकित्सकों ने अपने मनपसंद स्टेशन ले रखे हैं और हालात यह है कि जहां पर 10 पदों की आवश्यकता है, वहां 40 चिकित्सक हैं।
विज्ञापन


सर्जनों की तैनाती पर सवाल
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यालय में तैनात दंत सर्जन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी जरूरत मरीजों को अधिक है, लेकिन वे वहां बैठे हैं जहां उनकी जरूरत नहीं है। ऐसे ही बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने प्रति नियुक्ति कराकर हरियाणा से बाहर अपनी सुविधा अनुसार डयूटी लगवा रखी है, जो उचित नहीं है। ऐसी प्रति नियुक्ति को रद किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


मीडिया की खबरों पर लिया जा रहा संज्ञान
स्वास्थ्य विभाग के संबंध में मीडिया में आ रही खबरों पर पूरा संज्ञान लिया जा रहा है और कार्रवाई भी की जा रही है। इसमें एक में पानीपत के सड़क दुर्घटना में चिकित्सक को निलंबित कर उपायुक्त से जांच रिपोर्ट मांगी है।

अधिकारी करें कार्यकर्ताओं की पहचान
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को कार्यकर्ताओं की पहचान करनी होगी। जो भी जायज कार्य होंगे, वह करने होंगे। यदि इसके बाद भी किसी को शिकायत है तो वह उनके पास लिखित शिकायत भेजे कार्रवाई होगी। भाजपा का उद्देश्य सरकार बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन से है। एक पार्टी को हटाकर दूसरी पार्टी को सत्ता में लाने से काम चलने वाला नहीं है। पहले सत्ता में रही सरकारों की व्यवस्था ने प्रदेश को खोखला कर दिया है। भाजपा ने सत्ता में आते ही व्यवस्था को बदलने के प्रयास आरंभ किया है। पार्टी चाहती है कि पिछली व वर्तमान सरकार के कामकाज में अंतर नजर आए। लोगों के समयबद्ध तरीके से काम संपन्न हो और पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।

विधायक ने किया स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत
हरियाणा भाजपा के महामंत्री एवं रोहतक के विधायक मनीष ग्रोवर ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का स्वागत किया और कहा कि वे दिवंगत डॉ. मंगलसैन की तरह पूर्ण रूप से समाज व देश को समर्पित हैं। इनके सिद्धांतों का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने मंत्री होते हुए भी कोई सरकारी सुविधा नहीं ली। विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए विधायक ने कहा कि इन दलों ने सत्ता प्राप्ति के लिए समाज में जातपात का जहर फैलाया है।

डॉ. मंगलसेन की प्रतिमा पर रेलिंग के लिए टोका
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अपने निश्चित समय से करीब दो घंटा देरी से पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पार्टी कार्यालय परिसर में स्थापित डॉ. मंगलसैैन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। यहां उतरते समय सीढ़ियों पर रेलिंग न होने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को टोका कि यहां यह व्यवस्था होनी चाहिए। करीब सवा घंटा स्वास्थ्य मंत्री ने सभी से मुलाकात की व उनकी शिकायतें सुनीं। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से विदा लेकर स्वास्थ्य मंत्री विधायक मनीष ग्रोवर के घर जलपान के लिए गए व कुछ समय बाद समालखा के लिए रवाना हो गए।

किलोई स्वास्थ्य केंद्र की बताई समस्या
गांव भालौठ से आई महिला मंडल की अध्यक्ष मीनाक्षी नांदल ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि किलोई गांव के स्वास्थ्य केंद्र में कोई सुनने वाला नहीं है। यहां चिकित्सक होने के बाद भी मरीजों को निजी अस्पताल में डिलीवरी करवानी पड़ती है। इसके लिए वे स्वयं आकर जांच करें व व्यवस्थाओं का जायजा लें। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि वह बेफिक्र रहे, जल्द ही इसकी भी जांच हो जाएगी।

उपायुक्त पर कार्रवाई न करने का आरोप
गांव रिटौली के ग्रामीणों ने गांव के विकास कार्यों में हुई धांधली, अनियमितता, तालाबों की सफाई, अवैध खनन, गलियों के निर्माण में सही सामग्री का प्रयोग न किए जाने की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री से की है। शिकायतकर्ता दिलावर ने बताया कि उन्होंने इसके लिए पांच नवंबर को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे उन्हीं पर हमले व बेघर करने की धमकी दी जा रही है। इस पर मंत्री ने जल्द कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री के पास नहीं फटका कोई चिकित्सक
हैरानी भरा ही सही, लेकिन यही सच है। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद अनिल विज पहली बार जिले में आए और उनके पास कोई चिकित्सक दिखाई नहीं दिया। प्रदेशाध्यक्ष के कार्यालय में पीजीआईएमएस मेडिसन विभाग के एक वरिष्ठ चिकित्सक ही मिलने आए।


ये रहे उपस्थित
भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन, प्रतिभा सुुमन, विजय आर्य, राजकुमार कपूर, लवलीन टूटेजा लवली, अजय बंसल, जय किशन शर्मा, राजबीर आर्य, रमेश सहगल, भूषण चुघ, कांता आलडिया, जोगेंद्र सैनी, कपिल नागपाल, तरूण सन्नी शर्मा, नमन चोपड़ा, प्रवीण नारंग, मनीश शर्मा, मीनाक्षी नांदल, पदम ढुल, कुलदीप सिंधु, वीरेंद्र हुड्डा, धीरज चावला, जोगेंद्र पंवार।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed