फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   Other Archives ›   jat college hod murder case

जाट कॉलेज के खेल विभागाध्यक्ष नांदल की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता पानीपत से गिरफ्तार

Tue, 28 Oct 2014 02:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ रोहतक
अमर उजाला ब्यूरो/ रोहतक Updated Tue, 28 Oct 2014 02:16 AM IST
विज्ञापन
जाट कॉलेज के खेल विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बलजीत नांदल की हत्या के विरोध में पूरा जाट शिक्षण संस्थान एकजुट हो गया है।
विज्ञापन


नांदल के परिवार को सुरक्षा देने और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर संस्थान का पूरा स्टाफ सोमवार को सड़क पर उतर आया।

आईजी से मिलकर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई। वहीं, पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता बोहर निवासी जयबीर को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया है।

उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी शूटर्स की तलाश में पुलिस टीम यूपी व उत्तराखंड में डेरा डाले हुए है। बता दें कि जयबीर बलजीत की हत्या की साजिश रच थाइलैंड रवाना हो गया था। थाइलैंड से लौटते ही पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
विज्ञापन


नांदल को न्याय के लिए स्टाफ एकजुट

दीपावली अवकाश के बाद सोमवार को कॉलेज खुला। जाट संस्था के सभी शिक्षण संस्थाओं के स्टाफ मेंबर कॉलेज के कांफ्रेंस हॉल में जमा हुए। बलजीत की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई और पीड़ित परिवार के हालात पर मंथन किया गया।

बैठक में आईजी को ज्ञापन देने पर सहमति बनी। संस्था के सभी शैक्षणिक संस्थानों के टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ ने पुलिस पर कार्रवाई के लिए हर संभव दबाव बनाने की बात कही। इसके लिए एक कमेटी गठित करने का फैसला लिया गया ।
जुलूस के रूप में सड़क पर उतरे सहयोगी
अपने सहयोगी की हत्या से गुस्साए शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी जुलूस के रूप में सड़क पर उतरे। सभी दिल्ली रोड स्थित आईजी अनिल कुमार राव के दफ्तर पहुंचे।

यहां ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई और परिवार को पुलिस सुरक्षा की मांग रखी। आईजी ने कहा कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम को लगाया जाएगा। आश्वासन दिया कि कार्रवाई के लिए काबिल अधिकारियों को लगाया गया है। कमी लग रही है तो अन्य एजेंसी से जांच करवाने की मांग कर सकते हैं।
जाट कॉलेज को चैंपियन बनाया बलजीत ने
बैठक में सभी वक्ताओं ने प्रोफेसर बलजीत को याद कर उनकी कार्यकुशलता की तारीफ की। कहा, उनकी मेहनत के कारण ही जाट कॉलेज कई वर्षों से खेलों में लगातार चैंपियन रहा। उनके नहीं रहने से खेल के क्षेत्र के साथ-साथ कॉलेज और जाट शिक्षण संस्थाओं का जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती।
जयबीर को पानीपत बस स्टैंड से किया काबू
जांच अधिकारी सिविल लाइन थाना प्रभारी वजीर सिंह रेढू ने बताया कि हत्या के मास्टरमाइंड जयबीर थाइलैंड से लौटने के बाद भूमिगत हो गया। उसकी तलाश में सर्विलांस पर काम चल रहा था। आरोपी की लोकेशन पर लगातार निगाह रखी जा रही थी। सूचना मिली कि जयबीर पानीपत बस स्टैंड पर है। मौके पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया और रोहतक पुलिस उसे शहर ले आई।
जयबीर के परिवार को पता था हत्या की साजिश का
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जयबीर, सतनारायण ने बलजीत व उसके भाई तारीफ की 7 एकड़ जमीन पर कई वर्षों से कब्जा कर रखा था। प्र्रशासन की ओर से जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए 21 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की गई थी। लेकिन जयबीर किसी भी कीमत पर जमीन को छोड़ना नहीं चाहता था। जमीन के लालच में उसने बलजीत को जमीन का कब्जा देने से पहले ही ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि अपने इस फैसले से जयबीर ने परिवार के सभी सदस्यों को अवगत भी करा दिया था।
खुद को बचाने के लिए थाइलैंड चला गया जयबीर
जयबीर ने मतदान वाले दिन 15 अक्टूबर को बोहर निवासी प्रवेश, सोनू और अपनी बुआ के बेटे टैनी को बुलाया और 21 से पहले ही बलजीत को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उन्हें यह कहा गया कि किसी भी सूरत में हत्या उसके थाइलैंड जाने के बाद की जाए। ताकि कुछ हो जाए तो उसे कहने का मौका मिल जाएगा कि वह थाइलैंड में था। वह अपना मोबाइल भी घर ही छोड़ कर गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी 21 अक्तूबर को थाईलैंड से वापस आ गया, लेकिन गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गया था। सोमवार को वह पुलिस के शिकंजे में आ गया। हत्याकांड के लिए शूटर्स को 5 लाख की सुपारी दी गई।

ये है मामला
जाट कॉलेज में खेल विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बलजीत सिंह नांदल को 20 अक्तूबर की सुबह सवा 11 बजे बाइक सवार युवकों ने सेक्टर-2 की पुलिया के पास गोली मार दी थी। नांदल ने उपचार के दौरान देर शाम पीजीआई में दम तोड़ दिया था। अभी तक की जांच में सामने आया है कि हत्या जमीन के विवाद को लेकर की गई। बलजीत के भाई तारीफ सिंह हेल्थ विवि में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान भी हैं। बता दें कि मामले में अभी तक पुलिस ने साजिशकर्ता बोहर निवासी जयबीर, सतनारायण उर्फ सत्तू, राजबीर और सतपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जयबीर को अदालत में पेशकर रिमांड पर लेने की याचिका लगाई जाएगी।

 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed