फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   Other Archives ›   Hot on the half hour 3 times the CM officers

डेढ़ घंटे में 3 बार अधिकारियों पर गर्म हुए सीएम

Fri, 06 Jun 2014 01:08 AM IST
Sonipat
Sonipat Updated Fri, 06 Jun 2014 01:08 AM IST
विज्ञापन

विज्ञापन
विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा करने पहुंचे सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा डेढ़ घंटे में अधिकारियों पर तीन बार गर्म हुए। सीएम ने बैठक में पूछा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत दाल-रोटी योजना की स्थिति क्या है। डीएफएससी सही तरीके से पता नहीं पाए तो सीएम उस पर पिल पड़े। डीसी को निर्देश दिए कि जरा इनका मामला देखें। बैठक के दौरान सीएम के गर्म होने का यह एकलौता मामला नहीं था, बल्कि बीपीएल प्लाटों और गन्नौर में बिजली सबस्टेशन के निर्माण में हो रही देरी पर भी उन्होंने अधिकारियों की खूब खबर ली। एक मामला जोकि अधिकारियों के तालमेल के अभाव में लंबित पड़ा, उसमें डीसी पहले ही सीएम को सच बता अधिकारियों को बचा गए।
मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में विकास कार्यों की समीक्षात्मक बैठक के आयोजन का समय 3 बजे निर्धारित किया गया था। सीएम हुड्डा इससे पहले ही वहां पहुंच गए। इसके बाद बैठक डेढ घंटा तक चली। सीएम ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विकास कार्यों को पूरा करने की अंतिम तिथि 30 जून, 2014 है। उन्हें इस अवधि तक हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि वे जुलाई में इनको जनता को समर्पित करेंगे। उन्होंने घोषणाओं के तहत लंबित 14 विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए इनके लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने डीएफएससी से जानना चाहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कितनी बार लोगों को दाल और अनाज दिया जा चुका है, अब तक कितना दिया गया है। डीएफएससी पीके शर्मा बताने के लिये खड़े हुए, लेकिन वे सही तरीके से जानकारी नहीं दे पाए। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लिया और उनको डांट पिलाई साथ ही डीसी को कहा कि इनका मामला चैक करें क्या चल रहा है। जिस तरह बैठक में हुड्डा डीएफएससी पर भड़कें, तय माना जा रहा है कि यहां योजना में ढिलाई पर कईयों पर गाज गिर सकती है। गन्नौर में बिजली सबकेंद्र का मामला सामने आया तो सीएम यहां भी अधिकारियों पर आगबबूला हो गए। उन्होंने पूछा कि बिजली सबस्टेशन का निर्माण कब तक शुरू हो जाएगा। इसके लिये अधिकारियों ने सितंबर में काम शुरू करने की जानकारी दी। हुड्डा ने कहा कि पहले ही दो माह का समय दिया जा चुका है, इसके बाद उनको बताया गया था कि एक सप्ताह में काम शुरू हो जाएगा। अब सितंबर की बात क्यों हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि तुरंत काम शुरू करो। बैठक में बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट देने की योजना की समीक्षा भी सीएम ने की। उन्होंने पूछा कि किस ब्लॉक के कितने गांवों में प्लाट दिए जा चुके हैं। कितनों पर मकान बनाए हैं, कितनों को राशि जारी की गई है। सीएम अधिकारियों के जवाब पर संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने अधिकारियों की खिंचाई की और इन पर तुरंत कार्य करने के निर्देश दिए। रोहतक रोड पर चल रहे काम को लटकने के  मामले भी बैठक में समीक्षा हुई। इससे पहले कि सीएम अधिकारियों की खबर लें, उससे पहले ही डीसी समीर पाल सरो ने सीएम को बता दिया कि पब्लिक हैल्थ व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों में तालमेल का अभाव है। डीसी द्वारा पहले ही मामले से अवगत कराए जाने पर हुड्डा ने अधिकारियों को सिर्फ इतना कहा कि तालमेल बनाकर काम करें। इस मौके पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, हरियाणा कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, मुख्य संसदीय सचिव जयवीर खरखौदा, विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा, विधायक जगबीर सिंह मलिक, कुलपति प्रो. आरपी दहिया, आयुक्त चंद्रप्रकाश, आईजी अनिल राव, रजिस्ट्रार आरके अरोड़ा, उपायुक्त समीरपाल सरो, पुलिस अधीक्षक अरूण नेहरा, अतिरिक्त उपायुक्त विरेंद्र लाठर तथा अन्य प्रशासनिक व विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
विज्ञापन


पूछा एप्रूवल में क्यों हुई देरी
मुख्यमंत्री ने कुछ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि इनकी अप्रूवल में देरी क्यों हुई। उन्हाेंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विकास कार्यों को क्रमबद्ध रूप से फालो करें ताकि उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराया जा सके। उन्होंने प्रमुख रूप से मेमोरियल प्रताप सिंह कैरो, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1 पर दिल्ली-कुंडली बार्डर के चौड़ीकरण, खांडा माइनर का विस्तार, गन्नौर में हरियाणा विकास प्राधिकरण के सेक्टर-7 व 8 की स्थापना, गोहाना में ट्रांसपोर्ट नगर, सुभाष स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण, किलोड़हद में 50 लाख रुपये की राशि से किये जाने वाले विकास कार्य, आहुलाना से बाबा गोसाई धर्मशाला तक सड़कमार्ग का निर्माण, भैंसवाल कलां में आईटीआई का निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजलूगढ़ी में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का निर्माण, सोनीपत में ओल्ड ऐज होम का निर्माण आदि विकास कार्यों की समीक्षा की।
विज्ञापन
विज्ञापन

30 जून तक 13 विकास कार्य होंगे पूर्ण
हुड्डा ने अंतिम चरण में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। उन्हाेंने कहा कि ऐसे  विकास कार्यों को 30 जून तक पूरा किया जाए। इस पर उपायुक्त समीरपाल सरो ने बताया कि इस प्रकार के करीब 13 विकास कार्य हैं जिन्हें इस अवधि तक पूरा करवा दिया जाएगा। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया ऐसे विकास कार्यों का उदघाटन वे जुलाई के प्रथम सप्ताह में कर सकते हैं जिससे लोगाें को खासी सुविधाएं मिलेगी। साथ ही उपायुक्त ने आग्रह किया कि चार परियोजनाएं शिलान्यास के लिए तैयार हैं जिनमें प्रमुख रूप से बहालगढ़ चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण है।  


सॉलिड वेस्ट से गंदे नाले पर मुड़ा मामला
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सोनीपत में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट तथा गंदे नाले की सफाई पर भी चर्चा की। उपायुक्त ने जानकारी दी कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पहले सांदल कलां में बनाया जाना था जिसे अब ताजपुर में बनाया जाएगा और इसकी शुरूआत अतिशीघ्र कर दी जाएगी। गंदे नाले की सफाई के लिए भी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है जिससे लोगों को विशेष राहत मिलेगी। इसके अलावा ऑटो मार्केट, शनि मंदिर के पास निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज तथा हिंदू कालेज के समक्ष रेलवे ओवरब्रिज, सब्जीमंडी आदि विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की। साथ ही उन्हाेंने सोनीपत में प्रियदर्शिनी आवास योजना तथा महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना आदि सामाजिक योजनाओं पर भी चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि इन योजनाओं का पूर्ण लाभ अधिकाधिक लोगों को मिलना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed