जनरल पर भारी पड़े डॉक्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल हाइवे 24 को प्रधानमंत्री मोदी के उदघाटन को लेकर दो केंद्रीय मंत्रियों के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही थी, लगता है कि बाजी केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा ने मार ली है। विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह पिछड़ गए हैं। दरअसल एनएच 24 के एक तरफ नोएडा है तो दूसरी ओर गाजियाबाद है और इसका संबंध गाजियाबाद से ज्यादा है। एनएच 24 दिल्ली को लखनऊ से जोड़ता है और यह गाजियाबाद, हापुड़ होकर मुरादाबाद, बरेली होते हुए लखनऊ तक जाता है। इसमें गाजियाबाद हापुड़ जनरल वीके सिंह का संसदीय क्षेत्र है लेकिन कार्यक्रम हो रहा है नोएडा में। साथ ही पूरे नोएडा और आसपास के इलाके में में होर्डिंग लग गए हैं जिनमें पीएम मोदी, परिवहन और हाईवे मंत्री नितिन गडकरी और महेश शर्मा की तस्वीरें लगीं हैं जनरल साहब इसमें से पूरी तरह गायब हैं।
यूपी की कमान को लेकर खींचतान
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2017 में होने हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी में सरगर्मी अभी से शुरु हो गई है। अभी जिला अध्यक्षों के नामों का ऐलान होना है लेकिन पार्टी नेतृत्व ने घोषणा कर दी है कि पार्टी अध्यक्ष विधानसभा के उम्मीदवार नहीं बनाए जाएंगे। इससे लोग सकते में हैं। बिहार चुनाव में हार के बाद भाजपा नेतृत्व फूंक फूंक कर कदम रख रहा है और माना जा रहा है कि यूपी चुनाव में पार्टी मुख्यमंत्री के उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है। बताते हैं कि केंद्रीय नेतृत्व गृह मंत्री राजनाथ सिंह, डॉ दिनेश और डॉ महेश शर्मा, मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी और मानव संसाधन राज्यमंत्री रामशंकर कठेरिया के नामों पर विचार कर रहा है।
न छुट्टी लूंगा, न लेने दूंगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह वक्तव्य काफी चर्चित है कि न घूस खाऊंगा, न किसी को खाने दूंगा। लेकिन सत्ता के गिलियारों में इसी की तर्ज पर आजकल एक और बयान चर्चा में है- न छुट्टी लूंगा, न किसी को लेने दूंगा। दरअसल 25 दिसंबर को मोदी काबुल से लाहौर चले गए इस कारण पूरा पीएमओ औऱ विदेश मंत्रालय काम करना पड़ा। अब पीएम 31 दिसंबर को एनएच 24 के उदघाटन के लिए नोएडा आ रहे हैं, इस वजह से यूपी के नोएडा-गाजियाबाद के सभी अधिकारी, पीएमओ और परिवहन विभाग के अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। अमूमन ब्यूरोक्रेट 31 दिसंबर और एक जनवरी को छुट्टी पर रहते हैं लेकिन मोदी ने उनकी छुट्टी की योजनाओं पर पानी फेर दिया है।