{"_id":"f7f21f12-37c8-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"10-children-killed-in-bomb-attack-in-syria","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीरिया बम हमले में 10 बच्चों की मौत","category":{"title":"Other Archives","title_hn":"अन्य आर्काइव","slug":"other-archives"}}
सीरिया बम हमले में 10 बच्चों की मौत
बीबीसी हिंदी
Updated Mon, 26 Nov 2012 06:28 PM IST
विज्ञापन
सीरिया में बाग़ियों का कहना है कि सीरिया की सरकारी सेना के हमले में कम से कम 10 बच्चों की मौत हो गई है। विद्रोहियों के अनुसार सरकारी सेना ने लड़ाकू विमान से मैदान में खेल रहे बच्चों पर बम बरसाए जिनमें वे बच्चे मारे गए।
विज्ञापन
इंटरनेट पर अपलोड किए गए वीडियो में उन बच्चों के शवों को मैदान में पड़े हुए दिखाया गया है और वीडियो में उनकी माताओं को शव के पास बैठकर शोक मनाते हुए भी देखा जा सकता है। विद्रोहियों के अनुसार राजधानी दमिश्क़ के पूर्व में बसे दैर-उल-असाफ़ीर नाम के गांव में एमआइजी लड़ाकू विमान से बमबारी की गई।
विज्ञापन
उनके अनुसार दमिश्क़ के आस-पास तीव्र लड़ाई जारी है और विद्रोहियों ने रविवार को राजधानी के एक एयरबेस के एक हिस्से पर क़ब्ज़ा कर लिया था। खेल के मैदान से मिली और वीडियो फुटेज से पता चलता है कि सेना ने कलस्टर बम का इस्तेमाल किया था। कलस्टर बम दरअसल बमों का एक गुच्छा होता है जिसमें से गिरने पर और कई बम फटते हैं।
विज्ञापन
हाल के महीनों में सीरियाई सरकार पर आरोप लग रहें हैं कि उनकी सेना कलस्टर बमों का इस्तेमाल कर रही हैं।
हालाकि सीरियाई सरकार इन आरोपों का खंडन करती रही है। दैर-उल-असाफ़ीर गांव के एक कार्यकर्ता अबु क़ासिम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत के दौरान कहा कि मारे जाने वालों में किसी की भी उम्र 15 साल से ज़्यादा नहीं थी। क़ासिम के अनुसार इस हमले में 15 लोग घायल भी हुए हैं। विद्रोहियों के एक स्थानीय कमेटी की अपुष्ट ख़बरों के अनुसार रविवार को सीरिया में कुल 117 लोग मारे गए थे जिनमें 14 बच्चे भी शामिल थे।