थप्पड़ मारने वाले पर 'अटेंप्ट टू मर्डर' का आरोप
पश्चिम बंगाल पुलिस ने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को थप्पड़ मारने वाले युवक पर अटेंप्ट टू मर्डर का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि पूर्वी मिदनापुर में एक रैली के दौरान देबाशीष आचार्य नामक व्यक्ति ने भरी सभा में अभिषेक बनर्जी को एक थप्पड़ जड़ दिया था।
ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर यह हमला शनिवार को हुआ था। अभिषेक पर हमला करने वाले व्यक्ति ने जैसे ही दूसरा थप्पड़ मारने के लिए अपना हाथ बढ़ाया वो पीछे हट गए। हालांकि इसके बाद मंच पर मौजूद अभिषेक के समर्थकों ने हमला करने वाले व्यक्ति को बुरी तरह से पीट दिया।
मीडिया में छाई रही थप्पड़ की गूंज
अभिषेक बनर्जी को पड़ने वाले थप्पड़ की गूंज रविवार को पूरे दिन मीडिया में छाई रही। अभिषेक तृण-मूल यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। अभिषेक पर हुआ यह हमला तृणमूल कांग्रेस के लिए भी काफी शर्मिंदगी भरा था।
हालांकि तृणमूल के राष्ट्रीय प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने बताया कि यह घटना सांसद पर हमला कर उनकी जान को खतरा पहुंचाए जाने का प्रयास है।
वहीं दूसरी ओर पार्टी के भीतरी लोग इस घटना को पार्टी के भीतर की दलबंदी का परिणाम बता रहे हैं। इस घटना पर कटाक्ष करने से विपक्ष भी नहीं चूकी और उसने इसे पार्टी की अराजकता और अनुशासनहीनता का परिणाम बता डाला।