काले धन को लेकर घिरी सोनिया-राहुल की कंपनी
कांग्रेस को लेकर एबीपी न्यूज ने एक बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। एबीपी न्यूज के अनुसार सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कंपनी यंग इंडियन ने ऐसी कंपनी से लोन लिया था, जिस पर काले धन को सफेद करने का आरोप है। उस कंपनी का नाम है डोटेक्स, जिससे यंग इंडियन ने 1 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था।
यंग इंडियन कंपनी में राहुल गांधी और सोनिया गांधी की 76 फीसदी की हिस्सेदारी है। आपको बता दें कि यंग इंडिया नेशनल हेरल्ड अखबार छापने वाली कंपनी की मालिक है और इस मालिकाना हक को प्राप्त करने का मामला भी अदालत में है। नेशनल हेरल्ड को जवाहर लाल नेहरू ने आजादी से पहले शुरू किया था।
जब इसके बारे में कांग्रेस से जवाब मांगा गया तो उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ये सारा कर्ज लौटा दिया गया है। वहीं आरपीजी ने कहा है कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है, ये सभी आरोप निराधार हैं। हालांकि, अमर उजाला इन तथ्यों की जांच करने की स्थिति में नहीं है, ये सारे तथ्य एबीपी के हवाले से पाठकों तक पहुंचाए जा रहे हैं।
किसकी कितनी हिस्सेदारी
एबीपी के अनुसार सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल बोरा और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीस ने मिलकर 2010 के नवंबर महीने में यंग इंडियन नाम की कंपनी बनाई और उसके डायरेक्टर बन गए।
कंपनी में सोनिया गांधी के पास 38 फीसदी, राहुल गांधी के पास 38 फीसदी, मोतीलाल बोरा के पास 12 फीसदी और ऑस्कर फर्नांडीज के पास 12 फीसदी की हिस्सेदारी है।
इस आरोप के बाद कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह पार्टी को बदनाम करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरा लोन 14 प्रतिशत की दर से लौटा दिया है और जिस कंपनी से लोन लिया था वो पैसे कहां से लाई ये जानने के लिए उस कंपनी की जांच की जाए।