लड़की ने मासूम का पहले गला रेता, पेट काटा फिर जला डाला
अलीगढ़ से करीब २५ किमी दूरी पर बसे कस्बा खैर के मोहल्ला उपाध्याय में नाबालिग किशोरी ने पांच साल के मासूम अमित की बेरहमी से हत्या कर शव करबला में ईंटों के ढेर में छिपा दिया। बात सिर्फ इतनी थी कि आवारा किस्म की किशोरी को अमित के पिता ने उसकी हरकतों के लिए तीन दिन पहले डांटते हुए पीट दिया था। इस डांट से क्षुब्ध किशोरी इस कदर आक्रोशित हो गई कि उसने मासूम का कत्ल कर दिया।
मंगलवार शाम से लापता अमित का सुराग न मिलने पर बुधवार सुबह जब शक के आधार पर किशोरी से पूछताछ हुई तो उसने हत्या करना स्वीकारते हुए अधजला शव भी बरामद करा दिया। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने इसे सिद्धी के लिए नरबली करार देते हुए कस्बे के सुभाष चौक पर जाम लगाकर उग्र प्रदर्शन किया और पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग उठाई। बाद में अधिकारियों के समझाने पर ठोस आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
कस्बा खैर निवासी मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाले रिंकू का बेटा अमित मंगलवार को अचानक गायब हो गया था। उसे आखिरी बार लोगों ने पड़ोस की ही किशोरी के साथ देखा था। जब सुबह तक अमित का सुराग नहीं लगा तो शक के आधार पर उस किशोरी से पूछताछ हुई। पहले तो वह लोगों को टहलाती रही। मगर जब पुलिस को बुलाया और सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने अमित की पहले गला रेंतकर फिर पेट काटकर और पेट में केरोसिन डालकर जलाकर हत्या करना स्वीकारा।
मुआवजे की मांग
किशोरी ने पॉलीथिन में पैक अमित की लाश सोमना रोड पर करबला में ईंटों के ढेर में से बरामद कराई। जिसमें सिर और पैर मिले, जबकि धड़का हिस्सा गायब था। उसके विषय में किशोरी ने उसे जलाना स्वीकारा। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सुभाष चौक पर आकर अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम लगाते हुए मुआवजे की मांग शुरू कर दी। लोगों का तर्क था कि पीडि़त परिवार की हालत बेहद कमजोर है। इस घटना के बाद उसकी मदद किया जाना बेहद जरूरी है। साथ में यह भी तर्क दिया कि यह काम किशोरी ने नवरात्रों में किसी के कहने पर किया है और यह हत्या नहीं, नरबली है।
लोगों का यह भी आरोप था कि आरोपी किशोरी को मंगलवार शाम आखिरी बार अमित के साथ पथवारी देवी मंदिर पर देखा गया था। इसलिए यह काम तंत्र-मंत्र के तहत किसी सिद्धी के लिए किया गया है। कई सैकड़ा लोगों की भीड़ पहले सुभाष चौक पर एकत्रित रही। मौके पर क्षेत्राधिकारी खैर ने लोगों को समझाया और आश्वस्त किया कि मुआवजा भी दिलवाया जाएगा और इस हत्या में ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। तब जाकर पब्लिक शांत हुई। बाद में लोगों की भीड़ थाने जा पहुंची। जहां अपनी मौजूदगी में कार्रवाई देखी गई।
फिलहाल पुलिस ने किशोरी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर पूछताछ जारी कर रखी है। इस संबंध में एसपी ग्रामीण संसार सिंह का कहना है कि हत्या के शक में गिरफ्तार किशोरी ने स्वीकारा है कि मृतक अमित के पिता ने उसके साथ मारपीट करते हुए डांट दिया था। आरोपी किशोरी के घर में उसकी विकलांग मां के सिवाय कोई नहीं है। इसलिए निरंकुश व आवारा किस्म की किशोरी ने गुस्से में यह कदम उठाया है। फिर भी परिवार व लोगों की मांग को देखते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।