अंतरराष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में छाया भारत का योग
दुनिया भर की मीडिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस छाया रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुए इस योग कार्यक्रम ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाब रहा।
दुनिया के प्रमुख अखबारों, वेबसाइटों और सोशल मीडिया में योग दिवस पर हुए कार्यक्रमों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। इनमें पाकिस्तान से निकलने वाले अखबार द डॉन, नेपाल के प्रमुख अखबार कांतिपुर, ब्रिटेन के द इंडिपेंडेंट, चीन के ग्लोबल टाइम्स, अरबी के ऑनलाइन अखबार और चैनल अल जजीरा और अमेरिका के न्यूयॉर्क टाइम्स और वाशिंगटन टाइम्स जैसे अखबार प्रमुख रहे।
योग दिवस पर पूरी दुनिया झूमती नजर आई
इन सभी ने अखबारों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत में राजपथ पर हुए कार्यक्रमों के साथ अपने देश में होने वाले योग कार्यक्रमों को खास तवज्जो दी है।
किसी-किसी अखबार ने तो इसे अपने पहले पेज पर जगह दी है। पाक के अखबार द डॉन के ऑनलाइन संस्करण में योग को प्रमुखता से तरजीह दी है। उसने लिखा है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भारत में जबरदस्त तरीके से तो मनाया गया ही, साथ ही पूरी दुनिया योग पर झूमती नजर आई।
द इंडिपेंडेंट ने लिखा पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरी दुनिया झुकी और हरकत में नजर आई। नेपाली आनलाइन अखबार कांतिपुर ने कहा कि भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ योग करके दुनिया को अपना मुरीद बना लिया।
योग के आगे पूरी दुनिया झुक गई
अरब दुनिया के चर्चित अखबार अल जजीरा में नियमित रूप से स्तंभ लिखने वाले उपन्यासकार एजाज अशरफ ने कहा कि योग सेहत के लिए अच्छा तो है ही, मगर इससे एक खास तरह के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं यह वही तो नहीं।
उन्होंने कहा कि जो भी हो भारतीय पीएम योग को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलाने में कामयाब रहे हैं। वहीं चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को खासी तवज्जो दी है।
उसने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत ही नहीं पूरी दुनिया अपनी सेहत के लिए उठ खड़ी हुई है। वाशिंगटन टाइम्स ने कहा कि कुछ मुस्लिम संगठनों के विरोध के बावजूद पूरी दुनिया में योग को स्वीकार किया गया और अपनाया।