देश में दो कानून का नतीजा है याकूब मेमन की फांसी
असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने आरोप लगाया कि याकूब को फांसी दो कानूनों के कारण दी जा रही है। एक ओर तो याकूब मेमन को फांसी दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर बाबरी मस्जिद को शहीद करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं।
यह कहना है असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का। यह इस बात की ओर इशारा करते हैं कि देश में दो तरह के कानून काम कर रहे हैं।
धर्म विशेष को लेकर मामले सुलझाए जाते हैं। उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए एआईएमईएम ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली अलीगढ़ आए थे।
मोदी सरकार इस्राइल का रिमोट
मुंबई धमाकों के आरोपी याकूब मेमन की फांसी पर उन्होंने कहा कि कोर्ट ने अपना काम किया है। उसका हम सम्मान करते हैं। लेकिन जिस इंसान ने कानून की मदद की, जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया। खुद जांच एजेंसी ने भी इस बात को माना है।
जबकि बाबरी मस्जिद को गिराने वाले भाजपा और उससे जुड़े संगठनों के बड़े-बड़े नेता आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे को अभी तक फांसी नहीं दी गई है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा मोदी सरकार इस्राइल का रिमोट है। सपा-बसपा ने हमेशा से सिर्फ मुसलमानों का इस्तेमाल किया। इसलिए मुसलमान आज दलितों से भी खराब स्थिति में हैं।