पत्नी ने फौजी पति को खाने में दिया जहर
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवीपुर में बुधवार की देर रात्रि में पत्नी ने ही अपने फौजी पति को खाने में जहर देकर मारने का प्रयास किया। घटना की पड़ोसियों द्वारा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इस फौजी को उपचार के लिए बागला जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया है।
जहां स्थिति चिंताजनक होने पर उसे उपचार के लिए सैनिक अस्पताल मथुरा ले जाया गया है। फौजी के परिजनों घटना में फौजी की पत्नी सहित पांच लोगों के खिलाफ जहर देकर जान से मारने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार फौजी जुगेंद्र पुत्र महेंद्र निवासी मोहब्बतपुरा की 4 फरवरी 2014 को शहर के मोहल्ला नवीपुर निवासी शशि पुत्री देवीराम के साथ हुई थी, किंतु शशि फौजी पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। इसके पीछे उसके विवाह पूर्व प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।
शादी की एक रात को शशि ससुराल गई, लेकिन दोबारा ससुराल नहीं लौटी। इन दोनों पति पत्नी का विवाद न्यायालय में भी पहुंच चुका है। चार दिन पहले जोगेंद्र छुट्टी आया था। इसी दौरान शशि के घर से फोन गया कि वह इन दोनों पति-पत्नी का आपस में फैसला करा देंगे। इससे जोगेंद्र नवीपुर आ गया।
शादी के बाद से मायके में रह रही विवाहिता
आरोप है कि दिन में हुई बातचीत के बाद शाम को ससुराल में जुगेंद्र को खाना खिलाया गया। इस खाने में उसको हत्या करने की नीयत से जहर दे दिया। इस दौरान जुगेंद्र के साथ मारपीट भी की गई।
मारपीट के बाद वह अचेत हो गया तो घर में हुए शोर-शराबे के कारण पड़ोस के लोगों को भी इस घटना के बारे में पता चल गया। पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका होने पर कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो जुगेंद्र अचेत था।
पुलिस ने मकान में मौजूद विवाहिता की मां को पकड़ लिया, जबकि अन्य परिजन पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मौके से भाग गए। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधिवत रूप से कार्रवाई की जा रही है।