{"_id":"a012c332-3a5c-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"winter-increase-by-snow-and-rain-on-mountains","type":"story","status":"publish","title_hn":"पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड
श्रीनगर/शिमला/देहरादून/ब्यूरो
Updated Fri, 30 Nov 2012 01:47 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को बर्फबारी से जम्मू-कश्मीर के पर्यटक स्थल बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। गुलमर्ग, पहलगाम में बर्फबारी हुई तो हिमाचल की ऊंची चोटियां हिमपात से लकदक हो गई। किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और कांगड़ा जिलों की कई ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई।
विज्ञापन
वहीं उत्तराखंड में चारों धाम, औली और फूलों की घाटी में भी बर्फ गिरी। देहरादून, हरिद्वार सहित मैदानी और निचले इलाकों में घंटों रिमझिम बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बर्फबारी-बारिश हुई। शुक्रवार से मौसम साफ रहने के आसार हैं।
विज्ञापन
रियासत में बृहस्पतिवार को हुए ताजा हिमपात व बारिश से कंपकंपी छूट गई। मां वैष्णो की त्रिकुटा पहाड़ियों पर भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में बर्फबारी के बाद फिसलन के कारण एंटी स्किड चेन के बिना वाहनों के ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कई स्थानों पर सड़क संपर्क कट गया। जवाहर सुरंग के पास वाहनों को आवाजाही रोक दी गई।
विज्ञापन
वहीं, शिमला के नारकंडा में सीजन का पहला हिमपात हुआ। यहां लगभग दो इंच बर्फ गिरी। लाहौल-स्पीति के रोहतांग दर्रा में हिमपात से कुल्लू-केलांग मार्ग पर बस सेवा बंद हो गई है। यहां पांच इंच बर्फबारी हुई। मढ़ी में सात इंच तथा रोहतांग दर्रे में एक फुट के आसपास हिमपात हुआ।
ठंडा हुआ एनसीआर
बृहस्पतिवार को एनसीआर में हुई हल्की बारिश ने सर्दी की राह खोल दी। मौसम विभाग पहले ही इसकी संभावना जता चुका था। दिन में खिली धूप के बाद शाम को अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर 28.4 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री नीचे 9.3 डिग्री दर्ज किया गया है। एनसीआर में सबसे कम तापमान फरीदाबाद में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नोएडा का पारा भी करीब तीन डिग्री कम रहा।
कहां कितनी गिरी बर्फ
गुलमर्ग: 22 इंच
पहलगाम: 1.6 इंच
नत्था टॉप: 6.6 इंच
कहां कितनी बारिश
पहलगाम: 22.2 मिमी
काजीगुंड: 19.6 मिमी
श्रीनगर: 11.1 मिमी
कटड़ा: 14.4 मिमी
जम्मू: 3.3 मिमी
कारगिल सबसे ठंडा
श्रीनगर: 3.3 डिग्री
गुलमर्ग: माइनस 4.5
पहलगाम: 1.4
लेह: -1.8
कारगिल: -5.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)