{"_id":"7a295e83d780481ab59fbf351d83ae68","slug":"wife-husbands-beaten-after-decision-of-panchayat-hindi-news-rk","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंचों का फरमान, दंपतियों को पेड़ पर लटका कर पीटा","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पंचों का फरमान, दंपतियों को पेड़ पर लटका कर पीटा
ब्यूरो/अमर उजाला, नजीबाबाद, नांगलसोती (बिजनौर)
Updated Fri, 19 Sep 2014 10:43 AM IST
विज्ञापन
देश के कानून को दरकिनार कर बिजनौर के एक गांव में हुई पंचायत ने तुगलकी फरमान सुना डाला। पंचों ने दो दंपतियों को सरेआम पेड़ पर लटकाकर पीटने का हुकुम सुनाया। फैसले की वजह बना प्रेमी युगल, जो घर से फरार हो गया था।
विज्ञापन
नांगल थाना क्षेत्र के एक गांव से एक युवती और एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते 25 अगस्त को घर से फरार हो गए थे। बुधवार को नांगल पुलिस ने प्रेमी युगल को ऋषिकेश से बरामद कर लिया। पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि युवक को हिरासत में ही रखा।
विज्ञापन
गुस्साए युवती के परिजनों द्वारा अपने आवास पर पंचायत बुला ली। युवती के परिजनों ने युवती द्वारा बताई कहानी बयां की। उन्होंने बताया कि गांव के ही दो भाइयों और उनकी पत्नियों ने युवती को बहला-फुसलाकर उसे युवक के साथ भागने पर मजबूर किया।
विज्ञापन
बस फिर क्या था, पंचों ने दोनों दंपतियों को पेड़ से बांधकर पीटने का फरमान सुना डाला। पंचों के इस फैसले का क्षेत्रीय प्रधान प्रतिनिधि द्वारा विरोध जताया गया, मगर उनकी किसी ने नहीं सुनी, तो उन्हें पंचायत से उठकर जाना पड़ा।
आखिरकार दोनों दंपतियों के हाथों में रस्सी बांधकर उन्हें पेड़ की डाल से कुछ ऊपर खींचकर सरेआम डंडे से पिटाई की गई। सीओ सुभाषचंद गंगवार का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। पंचायत में प्रताड़ित और अपमानित होने वाले दंपतियों द्वारा तहरीर मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।