{"_id":"6621517c446f6e0ccc9863063b9b89e2","slug":"why-asaram-did-not-arrest-sharad-yadav-asked","type":"story","status":"publish","title_hn":"छुट्टा क्यों घूम रहे हैं आसारामः शरद यादव ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
छुट्टा क्यों घूम रहे हैं आसारामः शरद यादव
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
Updated Fri, 30 Aug 2013 06:49 PM IST
विज्ञापन
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने लोकसभा में आसाराम बापू का मामला उठाते हुए उनकी अभी तक गिरफ्तारी न होने पर आपत्ति जताई।
विज्ञापन
उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि इस स्वयंभू धर्मगुरु के विरूद्घ रेप का आरोप होने के बावजूद भी उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है। जदयू अध्यक्ष ने शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाया।
विज्ञापन
आसाराम बापू पर उनके जोधपुर आश्रम में एक 16 साल की लड़की से रेप का आरोप लगा है।
शरद यादव ने कहा कि कानून सबके लिए एक समान होना चाहिए। लेकिन आसाराम पर एक नाबालिग बच्ची के माता-पिता ने बलात्कार का आरोप लगाया है और वह छुट्टा घूम रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आसाराम के समर्थकों ने उनके निवास पर आकर हंगामा किया था।
विज्ञापन
आसाराम के समर्थक बृहस्पतिवार सुबह अचानक शरद यादव के आवास पर पहुंच गए थे और वहां उनसे संसद में बापू के बारे में दिए बयान को वापस लेने की मांग करने लगे। शरद यादव ने पहले भी लोकसभा में आसाराम के विरुद्घ बयान दिया था।
शरद यादव ने आज पूछा कि आसाराम के खिलाफ बलात्कार का जैसा गंभीर मामला होने के बावजूद भी वह जोधपुर और जयपुर से कैसे निकल गए, उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। उन्हें पूरे देश में घूम-घूम कर ‘नौटंकी’ क्यों करने दी जा रही है।
जदयू अध्यक्ष ने आसाराम पर आरोप लगाया कि वह ‘लैंड माफिया’ हैं और इसे लेकर उनके खिलाफ कई मामले चल रहे हैं। उन्होंने आसाराम के विरुद्ध जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने आसाराम के बेटे के उस बयान पर भी आपत्ति जताई जिसमें पीड़ित लड़की को मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है।