'पाकिस्तान का गुणगान करने वालों को जूते मारो'
विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी बालिका सरस्वती ने बेहद विवादित बयान दिया है। साध्वी सरस्वती ने कहा है कि जो लोग भारत में रहते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं ऐसे लोगों को जूते मारना चाहिए और उन्हें उसी देश में भेज देना चाहिए।
साध्वी की इस जहरीली जुबान पर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आउटलुक की रिपोर्ट की अनुसार, मध्य प्रदेश की रहने वाली साध्वी सरस्वती मंगलुरू में आयोजित 'हिंदू समाजोत्सव' सभा में बोल रही थीं।
एक मार्च से चल रहे 'हिंदू समाजोत्सव' में साध्वी सरस्वती एक मुख्य वक्ता के तौर पर आमंत्रित थीं। साध्वी ने अपने संबोधन में कहा कि जो लोग भारत का खाते हैं और भारत में रहते हैं लेकिन गुणगान पाकिस्तान के करते हैं ऐसे लोगों को जूते मारकर पाकिस्तान भेज देना चाहिए।
'इस्लामाबाद में भी बनाएंगे राम मंदिर'
मंगलुरू पुलिस ने जिन मामलों पर वीएचपी नेता साध्वी पर मामला दर्ज किया है उनमें राम मंदिर पर दिया बयान भी शामिल है। साध्वी सरस्वती ने राम मंदिर मामले के लिए हवा देते हुए कहा है कि हिंदू एक राम मंदिर अयोध्या में बनाएंगे और दूसरा पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में राम मंदिर बनाया जाएगा जिससे कि वहां रहने वाले हिंदू मंदिर में जाकर पूजा अर्चना कर सकें।
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने बताया है कि साध्वी के खिलाफ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने पर आईपीसी की धारा 153(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आईपीसी की धारा 153(ए) के तहत धार्मिक भावना भड़काना, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना और विभिन्न समुदायों के बीच नफरत पैदा करने की कोशिश करना गंभीर अपराध माना गया है। इस धारा के तह नस्लीय टिप्पणी करने वालों खिलाफ भी कार्रवाई की जाती है।