दाऊद मामले पर घिरी सरकार, राजनाथ देंगे जवाब
कुख्यात आतंकी सरगना दाउद इब्राहिम के ठिकाने को लेकर उठे विवाद से सरकार जल्द ही पर्दा हटाएगी। विपक्ष के सियासी दबाव को देखते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को संसद में दाउद पर बयान दे सकते हैं।
सरकार की ओर से कहा गया है कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को सदन में दाउद मामले पर बयान देंगे। शुक्रवार को लोकसभा में राजनाथ ने कहा है कि वे स्पीकर की अनुमति से दाउद मामले पर विस्तार से बयान देंगे।
शून्यकाल में मामले को उठाते हुए कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सरकार पर हमला बोला। सिंधिया ने कहा कि दाउद मामले पर गृह राज्य मंत्री हरिभाई पी चौधरी के बयान से पाकिस्तान को भारत के खिलाफ अंक बढ़ाने का मौका मिल रहा है।
मोदी ने दिया था बयान
सिंधिया ने पिछले साल अप्रैल माह के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि पीएम ने कहा था कि वे दाउद का हश्र वैसा करेंगे जैसे अमेरिका ने ओसामा बिन लादेन का किया था।
उन्होंने कहा कि सरकार दुनिया के मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल दाउद के ठिकानों को लेकर भ्रमित है। सिंधिया ने यूपीए के शासन काल में गृह मंत्री रहे पी चिदंबरम के तत्कालीन बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि चिदंबरम ने कहा था कि दाउद न सिर्फ पाकिस्तान में है बल्कि भारत को उसके घर का भी पता है।
गृह राज्य मंत्री हरिभाई चौधरी ने 5 मई को लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा था सरकार को मालूम नहीं है कि दाउद कहां है।