व्हाट्सएप की मदद से पुलिस ने दिखाए ये कमाल
अब पुलिस भी 'सोशल' हो रही है और 'सोशल टूल्स' की मदद से जनता की सहायता कर रही है। दो ताजा मामले बिहार की राजधानी पटना से हैं जहां पर पुलिस ने व्हाट्सएप की मदद से एक चोर को पकड़ा और अपने एक सिपाही के खिलाफ भी कार्रवाई की।
एक हफ्ते पहले पटना के एक बिजनेसमैन के घर से चोरी हुई थी। व्यापारी के घर सीसीटीवी भी लगा है जिससे तस्वीरें और वीडियो लेकर उसने पुलिस के आला अधिकारियों को भेज दिए।
SSP जितेंद्र राणा ने तत्काल इस पर एक्शन लिया और पुलिस को निर्देश दिए कि जो शख्स सीसीटीवी में चोरी करता दिख रहा है उसे ढूंढ कर गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया।
एक दूसरे मामले में तो पुलिस ने अपने ही जवान के खिलाफ एक्शन लिया है। पढ़िए वो कहानी अगली स्लाइड में।
छेड़खानी का आरोपी पुलिसवाला निलंबित
दूसरे मामले में पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। खबर के मुताबिक बुद्ध स्मृति पार्क में पुलिस के एक जवान ने एक लड़की के साथ छेड़खानी की।
इस पुलिसवाले ने लड़की का मोबाइल नंबर भी ले लिया। लड़की किसी तरह उसकी फोटो लेने में सफल रही और फिर इस बात का जानकारी व्हाट्सएप के जरिए SSP को दी।
एसएसपी जितेंद्र राणा ने तत्काल प्रभाव से आरोपी जवान को निलंबित कर दिया साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह स्मार्टफोन का इस्तेमाल करें।
इससे पहले भी कई जगहों पर पुलिस द्वारा व्हाट्सएप, ट्विटर और फेसबुक के माध्यम से जनता की मदद करने की बातें सामने आई हैं। अब देखना ये होगा कि आने वाले वक्त में ये टूल्स और क्या क्या कारनामे दिखाएंगे।