भाजपा ने कांग्रेस पर किया अब तक का सबसे बड़ा हमला
भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सवाल किया कि कांग्रेस बताए कि किस तरह रॉबर्ट बाड्रा इतने बड़े उद्योगपति बन गए। भाजपा ने वाड्रा के ऊपर बनाई गई एक फिल्म भी रिलीज की है।
पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने दिल खोलकर रॉबर्ट वाड्रा को फायदे पहुंचाए हैं। रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने रॉबर्ड वाड्रा को लेकर एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि किस बड़े दिल से कांग्रेस की सरकारों ने उनके औद्योगिक साम्राज्य को खड़ा करने में मदद की। भाजपा सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पूछना चाहती है कि कृपया बताएं कि विकास का रॉबर्ट वाड्रा मॉडल क्या है?
गैर वाजिब तरीके से पहुंचाया गया फायदा
कांग्रेस रॉबर्ट वाड्रा को अनुचित तरीके से फ़ायदा पहुंचाए जाने के आरोपों से इनकार करती है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कई नेता कह चुके हैं कि अगर उनकी सरकार बनी तो रॉबर्ट वाड्रा के ख़िलाफ़ जांच कराई जाएगी।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हम ये अवश्य कह सकते हैं कि हरियाणा के मुख्यमंत्री और राजस्थान के मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी को बचाने के लिए रॉबर्ट वाड्रा की सेवा करने के लिए बहुत तत्पर थे।
उन्होंने कहा कि ये एक मिसाली मामला है, जिसमें शासकीय प्रोत्साहन में किसी को ज़बरदस्त कमाई करने का मौका दिया गया और वो भी बिना किसी निवेश के, क्योंकि उसकी पहुंच और उसका रसूख बहुत ऊपर तक है।
रविशंकर ने सवाल किया कि 'अगर रॉबर्ट वाड्रा इतने ही क्षमतावान उद्यमी हैं तो उन्होंने ऐसे किसी राज्य में ज़मीन क्यों नहीं ख़रीदी जहां कांग्रेस की सरकार न हो।' कांग्रेस का कहना है कि उन्हें राजनीति उद्देश्यों के लिए निशाना बनाया जा रहा है।