मुंबई के जूहू बीच पर मरी मिली 30 फीट लंबी व्हेल
मुंबई के लोकप्रिय और चहल-पहल वाले जूहू बीच पर आज सुबह लोगों को तब झटका लगा, जब उन्होंने बीच पर एक 30 फीट लंबी व्हेल मछली को मरा पड़ा पाया।
गुरुवार देर रात समंदर से बहकर आई ब्राईडे प्रजाति की यह मृत व्हेल जूहू बीच पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है।अधिकारी व्हेल की मौत के कारणों का पता लगा रहे हैं।
जूहू चौपाटी पुलिस के अधिकारी ए. अंबेकर ने बताया, "यह मछली करीब 30 फीट लंबी है और इसका वजन विशेषज्ञों ने अंदाजन 15 से 20 टन माना है।"
पुलिस और जूहूवासियों के मुताबिक़ यह पहली बार है कि कोई व्हेल मछली (मृत या जीवित) बहकर जूहू पर आ गई है। मुंबई महानगर पालिका और वन्य सरंक्षण टीम इसे हटाने की कोशिश में है लेकिन भारी-भरकम कद काठी के कारण इस प्रक्रिया में वक्त लगेगा।
दो दिन पहले हो चुकी मौत
व्हेल की जांच कर रही फारेंसिक टीम के अधिकारी अनिमेष लिमाये ने बताया, "इसकी मौत का पहला कारण कचरा खाना हो सकता है, अन्यथा यह एक युवा व्हेल है और इनकी आयु भी काफी लंबी होती है।" वह कहते हैं, "यह दो दिन पहले ही मर चुकी थी और फिर लहरो के साथ बहते हुए यहां आ गई।"
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि, "हमें लगा कि यह व्हेल जिंदा है लेकिन थोड़ी देर में इससे खून बहने लगा तो समझ आया कि मर चुकी है।" प्रशासन ने लोगों को शव से दूर रखा हुआ है हालांकि लोगों का हूजूम इसके पास उमड़ रहा है साथ ही माहौल में काफी बदबू भी है।
फारेंसिक टीम के मुताबिक इस व्हेल से किसी तरह की बीमारी का कोई खतरा अभी नहीं है लेकिन शाम तक इसे हटा लिया जाना चाहिए क्योंकि शव में गैस जमा होने से इसमे धमाका हो सकता है।