जब जिंदा शख्स को भूत समझकर डर गए पत्नी और बच्चे
इस खबर को पढ़ते वक्त आपको ऐसा लगेगा कि आप किसी फिल्म की कहानी या उपन्यास पढ़ रहे हैं क्योंकि ये घटना जिस अंदाज में घटी है, वैसा अक्सर फिल्मों या किस्से-कहानियों में ही होता है।
यह कहानी है उस शख्स की...जो अपने घर से कहीं दूर नौकरी करता था और एक दिन यह सोचकर घर के लिए निकला था कि अपनों से मिलेगा...लेकिन रास्ते में उसके साथ जो कुछ घटा, उस दौरान उसने कल्पना भी नहीं की थी कि उसके अपने घरवाले ही उसे मरा हुआ मान लेंगे।
किस्मत ने उसके साथ एक बड़ा ही अजीब खेल खेला लेकिन इन सबके बीच जब उसे सच्चाई का पता चला तो वो अपनी किस्मत पर इतराया और कुदरत को इसके लिए शुक्रिया कहा।
किंगविम नाम के इस शख्स ने अपनी आपबीती सोशल साइट के जरिए शेयर की है। आप भी पढ़िए इस शख्स की अजीब दास्तां...
अजनबी को लिफ्ट देना पड़ा भारी
कुछ साल पहले किंगविम काम के सिलसिले में जिम्बाब्वे में रहते थे। एक दिन वो अपने घर से 400 किमी. दूर किसी गांव में रहने वाली अपनी चाची से मिलने के लिए गाड़ी लेकर निकले।
किंगविम की गाड़ी अभी कुछ ही दूर पहुंची थी कि रास्ते में खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें रुकने का इशारा किया। उन्होंने गाड़ी रोकी तो उस व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी...किंगविम के हां कहने पर वो गाड़ी में बैठ गया।
कुछ दूर जाने पर उस व्यक्ति ने बीमार होने का नाटक किया और गाड़ी रोकने को कहा। किंगविम ने एक साइड में गाड़ी रोकी और बाहर निकलकर जैसे ही उस व्यक्ति को देखना चाहा, उसने उनपर पीछे से हमला कर दिया।
उस व्यक्ति ने किंगविम को घायल कर उनसे पर्स, मोबाइल और गाड़ी की चाभी छीन ली। किंगविम को बुरी तहर तड़पता छोड़कर वह चोर सारा सामान और गाड़ी लेकर फरार हो गया। किंगविम को जब कुछ होश आया तो उन्होंने सड़क किनारे खड़े होकर लोगों से सहायता मांगी।
घर पहुंचते ही पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई
कुछ घंटो के बाद किंगविम के पास एक गाड़ी आकर रुकी और उसमें बैठा व्यक्ति उनकी परेशानी सुनकर उन्हें घर छोड़ने के लिए तैयार हो गया लेकिन समस्या यह थी यह गाड़ी लंबे रास्ते से होकर जाने वाली थी। किंगविम के पास अब कोई चारा नहीं बचा था इसलिए वो इस गाड़ी में बैठ गए।
लंबे रास्ते से घर जाने में किंगविम को दो दिन का ज्यादा सफर तय करना पड़ा। आखिरकार लंबा सफर तय करने के बाद वो अपने घर पहुंचे। जैसे ही किंगविम अपनी चाची के घर पहुंचे, उन्होंने घर के बाहर लोगों की काफी भीड़ जमा देखी।
किंगविम कुछ आगे बढ़े तो उन्हें घर के अंदर से रोने की आवाजें सुनाई दीं। ये सब देखकर वो काफी हैरान हुए और सोचने लगे कि आखिर माजरा क्या है। जैसे ही किंगविम घर के अंदर दाखिल हुए...उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई।
भूत-भूत कहकर दूर भागने लगा अपनी ही बेटा
जैसे ही किंगविम घर के अंदर दाखिल हुए...उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। उनका अपना बेटा जो हर बार उनके घर पहुंचने पर दौड़कर उनसे लिपट जाता था, वही बेटा उन्हें देखकर भूत-भूत कहकर दूर भागने लगा।
उनके बेटे की चीख सुनकर वहां खड़े बाकी लोग भी उन्हें देखकर डरने लगे। उनकी चाची उन्हें देखकर बेहोश हो गईं। तभी उनकी पत्नी उनके पास दौड़ी हुई आई और उनके गले लगकर ऐसे रोने लगी जैसे वो कई साल बाद लौटे हों।
किंगविम यह सोचकर हैरान थे कि आखिर मामला क्या है। तभी उनकी नजर वहां रखे ताबूत पर पड़ी। ताबूत के सामने ही उनकी अपनी तस्वीर लगी थी...यानि परिवार की नजर में वो मर चुके थे। इसके बाद किंगविम ने जब परिवार को अपने साथ हुए हादसे की हकीकत बताई तो पूरी कहानी कुछ इस तरह साफ हुई।
लाश के पास मिला किंगविम का पर्स
दरअसल जो चोर उनकी गाड़ी, मोबाइल और पर्स लेकर भागा था, कुछ दूर जाकर उसकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी बुरी तरह आग की लपटों में घिर गई और वो चोर गाड़ी में जलकर मर गया।
इसके बाद जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो लाश के पास से किंगविम का पर्स मिला जो आग की लपटों से किसी तरह बच गया था और पुलिस ने लाश और वो पर्स परिवार को सौंप दिया।
परिवार के सदस्यों से उन्हें मरा हुआ जानकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थी कि तभी किंगविम घर पहुंच गए और सबको हकीकत का पता चला। इसके बाद उनकी पत्नी ने उनसे भविष्य में कभी किसी चोर को लिफ्ट ना देने की गुजारिश की।
अब किंगविम बार-बार अपनी किस्मत और भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं कि आखिरकार सबकुछ जाने के बाद भी उनकी जिंदगी बच गई और वे अपने परिवार के बीच पहुंच गए।