अलकायदा की धमकी से चिंता में सरकार
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अलकायदा की भारत को धमकी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। शनिवार को गुवाहाटी में आयोजित उत्तर-पूर्व के प्रमुख सुरक्षा अधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में कहा कि अलकायदा से भारत को इस्लामिक स्टेट बनाने की धमकी को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
नॉर्थ-ईस्ट और पश्चिम बंगाल में सामने आए आतंकी नेटवर्क का हवाला देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि कुछ मुस्लिम युवक गुमराह होकर इस्लामिक स्टेट की ओर आकर्षित हो रहे हैं, लेकिन देश के मुसलमान कभी भी आतंकियों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे।
उन्होनें इस मौके पर अधिकारियों से कहा कि वह पश्चिम बंगाल में पकड़े गए आतंकियों से एक बड़े आतंकी नेटवर्क का खुलासा हुआ है जो प्रदेश की पुलिस और एनआईए की एक बड़ी कामयाबी है। इसके साथ ही गृहमंत्री ने देश के शहीद पुलिसकर्मियों के लिए एक बड़ा ऐलान भी किया।
शहीद पुलिस कर्मियों 50 करोड़ का ऐलान
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकी मुठभेड़ और ऑपरेशन में शहीद हुए पुलिसकर्मियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि मंत्रालय ने राष्ट्रीय पुलिस संग्रहालय बनाने के लिए 50 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। यह संग्रहालय दिल्ली में बनेगा।
उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि सुरक्षा बलों की क्षमता को देखते हुए वह पूरे विश्वास से कह सकते हैं कि हम किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में चुनौतियों से निपटने के लिए बेहतर क्षमता वाले जिलाधिकारियों और एसपी को तैनाती के लिए कहा। इस मौके पर उन्होंने पाकिस्तान की ओर जारी आतंकी गतिविधियों पर उसे आड़े हाथों लिया।