गजब कारनामा: मेरठ में एक वोटर की उम्र 747 साल!
सबसे बूढ़े इंसान की उम्र कितनी हो सकती है? 100 साल? 120 साल? या 150 साल? इससे अधिक उम्र का दावा विकीपिडिया भी नहीं करता। विकिपिडिया की मानें तो जापान के एक शख्स ने सबसे ज्यादा 116 साल 54 दिन की उम्र पाई थी।
इससे अधिक संभवतः कोई नहीं जिया, हालांकि मेरठ कैंटोनमेंट बोर्ड के मतदाताओं की सूची में एक मतदाता की उम्र 747 साल है। मेरठ के सुभाषनगर के रॉयल आर्टिलरी बाजार के हरि सिंह को 17 मई को वोट भी देना है।
उस मतदाता सूची में 100 वर्ष की उम्र पार करने वालों में हरि सिंह अपवाद नहीं है। कई वोट ऐसे हैं, जिनकी उम्र 200 से 600 वर्ष के बीच है। हालांकि हरि सिंह मतदाता सूची में सबसे बूढ़े हैं।
100 साल से अधिक कई मतदाता
मेरठ में बंग्लो एरिया की रचना और अरुण त्रिवेदी की उम्र क्रमशः 549 और 540 साल है। एमईएस कॉलोनी के प्रेमचंद की उम्र 545 साल है। कैंटोनमेंट बोर्ड के चुनावों के लिए तैयार की गई सूची में उम्र की ही गड़बड़ी भर नहीं है, कई ऐसी गड़बड़ियां भी हैं, जिन्हें पढ़कर आपको खूब हंसी आएगी।
मसलन वार्ड 2 के सुनील यादव की उम्र की 112 साल है, जबकि उनके पिता की छोटे लाल की उम्र 72 साल ही है। यानी सुनील के पिता उनसे 40 साल छोटे हैं। कैंटोनमेंट बोर्ड के वार्ड नंबर में ऐसे वोटरों की संख्या सबसे ज्यादा है, जिनकी उम्र 100 साल से अधिक है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, कैंटोनमेंट के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर डॉ डीएन यादव ने हाल ही में दावा किया था कि मतदाता सूची तैयार करने में विशेष ध्यान दिया गया है। मतदाता सुची तैयार करने के लिए सर्वे भी किया गया था।
वोटरों ने प्रदर्शन भी किया
सूची से कई मतदाताओं का नाम हटा भी दिया गया है। शहीद पार्क इलाके में नाम हटाए जाने के कारण कई वोटरों ने प्रदर्शन भी किया। मेरठ कैंटोनमेंट बोर्ड के जनसंपर्क अधिकारी एमए जाफर ने बताया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां क्लर्कों की गलती से हुई है।
उन्होंने बताया कि सूची तैयार करने के लिए जुलाई, 2014 में सर्वे किया गया था, हालांकि सूची को अंतिम रूप उस साल नवंबर में दिया जा सका। फरवरी, मार्च महीने में उसे छपाई के लिए भेज दिया गया, समय इतना कम था कि गलतियों की जांच नहीं हो सकी।
उन्होंने कहा कि ऐसे वोटरों की उम्र के पहले दो अंक ही सही होंगे और वही उनकी उम्र मानी जाएगी।