{"_id":"5386992282735d9c50156b66bd5882f4","slug":"vk-singh-jammu-kashmir-assembly","type":"story","status":"publish","title_hn":"जनरल वीके सिंह ने अपने खुलासे पर भेजा जवाब","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
जनरल वीके सिंह ने अपने खुलासे पर भेजा जवाब
अमर उजाला, जम्मू
Updated Wed, 20 Nov 2013 11:34 AM IST
विज्ञापन
सेना द्वारा मंत्रियों को फंड मुहैया कराने का खुलासा कर जम्मू-कश्मीर की सियासत में भूचाल पैदा करने वाले पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह का जवाब राज्य विधानसभा के स्पीकर मुबारक गुल को मिल गया है।
विज्ञापन
जवाब में जनरल सिंह ने नेताओं को पैसे दिए जाने संबंधी खुलासे पर अपनी सफाई दी है। माना जा रहा है कि जनरल सिंह ने अपने खुलासे पर अब यू टर्न ले लिया है।
पूर्व सेनाध्यक्ष के खिलाफ विधानसभा में लाए गए विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव के बाद स्पीकर द्वारा जारी नोटिस के मद्देनजर यह जवाब दिया गया है। लिहाजा अब सत्ता पक्ष और विपक्ष की नजर स्पीकर के पास पहुंचे वीके सिंह के जवाब संबंधी तथ्यों पर है।
विज्ञापन
राज्य विधानसभा के प्रवक्ता ने जनरल के जवाब मिलने की पुष्टि की है। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि एक सीडी के साथ उनके जवाब की प्रति स्पीकर को मिली है। अब जवाब की समीक्षा करने के बाद ही कार्रवाई का अगला कदम तय होगा।
विज्ञापन
वीके सिंह के बयान पर हंगामा
श्रीनगर में गत अक्तूबर महीने में संपन्न हुए राज्य विधानसभा के सत्र के दौरान जनरल वीके सिंह के खुलासे पर सत्ता पक्ष नेशनल कान्फ्रेंस और विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने जमकर हंगामा किया था।
इस दौरान विभिन्न मंत्रियों और विधायकों ने पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश करते हुए उन्हें विधानसभा में तलब करने की मांग की थी। इस प्रस्ताव को स्पीकर ने स्वीकार करते हुए वीके सिंह को नोटिस भेज कर अपना पक्ष रखने की हिदायत दी थी।
गौरतलब है कि सितंबर 2013 के आखिरी सप्ताह में पूर्व सेनाध्यक्ष वीके सिंह ने कश्मीर के मंत्रियों को सेना द्वारा फंड मुहैया कराने के खुलासे से जम्मू कश्मीर की सियासत में सनसनी पैदा कर दी थी। इसके बाद श्रीनगर में शुरू हुए राज्य विधानसभा के सत्र में जमकर इस मुद्दे पर हंगामा होता रहा।
निर्धारित अवधि के दो दिन बाद मिला जवाब
विधानसभा के स्पीकर ने पूर्व सेनाध्यक्ष को बीस दिनों के अंदर जवाब देने को कहा था। सूत्रों के मुताबिक यह अवधि दो दिन पहले समाप्त हो गई थी। हांलाकि पूर्व सेनाध्यक्ष ने लगभग एक सप्ताह पहले ही जवाब भेजे जाने की बात मीडिया को बताई थी।