आतंकी हमले का जायजा लेने आज पठानकोट जाएंगे मोदी!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आतंकवादी हमले की चपेट में आए पठानकोट एयरबेस का दौरा कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि शनिवार सुबह में पीएम का दौरा होने की संभावना है।
वह पूरे मामले की अपने स्तर से जानकारी लेने के लिए एयरबेस जाएंगे। इसकी तैयारी की जा रही है। इससे पहले शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने एयरबेस के भीतर ऑपरेशन खत्म होने की घोषणा की थी।
बताते चलें कि इस हमले के बाद विपक्षियों के हमले से भी पीएम मोदी और भारतीय जनता पार्टी को दो चार होना पड़ा है।
ये था पूरा मामला
गौरतलब है कि बीते दिनों पंजाब के पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के दौरान 7 जवान शहीद हुए थे और ऑपरेशन करीब 4 दिन चला था।
इस दौरान केंद्र सरकार को भी शर्मसार होना पड़ा था जब केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन खत्म होने की घोषणा पहले ही कर दी थी।
बता दें कि पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले के सबूत भारत ने पाकिस्तान को सौंप दिए हैं, जिस पर पाक की ओर से उचित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।