सगोत्र विवाह किया तो कर दिया मुंह काला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सगोत्र विवाह करने वाले सैनिक को ग्रामीणों ने जमकर पीटा। उसका मुंह काला कर और गले में चप्पलों की माला पहना कर गांव में जुलूस निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक और एक अन्य को उपचार के लिए नारनौल सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस के मुताबिक देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
बुधवार सुबह सैनिक हरपाल को ग्रामीणों ने गांव के बीचोंबीच लाकर जमकर मारपीट की। गांव के ही एक अन्य युवक धर्मेंद्र को भी हरपाल का सहयोग करने पर मारा गया। इसके बाद गांववालों ने दोनों का मुंह काला कर चप्पलों की माला पहना कर गांव में घुमाया। सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों को छुड़ाया और अस्पताल में भर्ती कराया।
क्या है मामला?
सेना के जवान हरपाल ने बताया कि 2008 में ही उसने गांव की एक लड़की से हैदराबाद के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था।
सगोत्र विवाह होने से गांववाले इसका विरोध कर रहे थे। इसके बाद उसका तबादला आसाम हो गया, जहां उन्होंने कोर्ट में शादी रजिस्टर्ड करवा ली। मंगलवार 11 मार्च को वह अकेला गांव आया था। सुबह उसे एक युवक बुलाने आया, जब वह गांववालों के बीच पहुंचा तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
सगोत्र की लड़की से शादी करने की सजा
नरेश कुमार, सरपंच सिहमा हरपाल के मुताबिक करीब पांच साल पहले गांव की ही सगोत्र लड़की को भगा कर प्रेम विवाह किया था। मंगलवार को वह गांव आया था तथा तभी से वह गांव में ताने मारता घूम रहा था। शायद इसी कारण गांव के लोगों ने उससे मारपीट की होगी।
अनिरुद्ध, एसएचओ थाना सदर ने बताया कि दोनों पक्षों में फिलहाल समझौता हो गया है। वहीं पीड़ित ने भी अपनी शिकायत वापस ले ली है। समझौता हो जाने पर पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर सकती।