वसुंधरा को मिला बेटे की कंपनी में मोदी के निवेश का लाभ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के भरपूर बचाव के बावजूद ललित मोदी विवाद में वसुंधरा राजे का संकट बढ़ता जा रहा है। अब वसंधुरा के चुनाव आयोग में संपत्ति के दिए गए ब्योरे को कांग्रेस ने हमले का हथियार बनाया है। वर्ष 2013 में चुनाव आयोग के सामने दिए गए वसुंधरा के शपथपत्र का हवाला देते हुए कांग्रेस ने कहा है कि ललित मोदी के साथ राजे के कारोबारी लेनदेन के रिश्ते हैं।
पार्टी का कहना है कि राजे का इस्तीफा अब नहीं होगा तो कब होगा। पार्टी का दावा है कि राजे के सामने अपने बचाव में कहने को कुछ नहीं है। ललित मोदी के साथ लेनदेन के उनके रिश्ते सार्वजनिक हो गए हैं। राजे के शपथपत्र का हवाला देते हुए कांग्रेस ने कहा है कि दुष्यंत सिंह के साथ ललित मोदी से हुए लेनदेन में राजे को भी फायदा हुआ है।
राजे ने खुद अपने शपथपत्र में स्वीकार किया है कि उनके पास मोदी की नियंत हेरिटेज होटल प्राइवेट लिमिटेड के 10 रुपये के अंकित मूल्य के 3280 शेयर हैं।
मोदी की हिस्सेदारी वाली कंपनी के 31 करोड़ के शेयर सीएम के पास
कांग्रेस का आरोप है कि राजे ने ये शेयर ललित मोदी के साथ दुष्यंत की लेनदेन के बाद हासिल किए हैं। पार्टी का दावा है कि 96 हजार से अधिक प्रति शेयर की कीमत के हिसाब से वसुंधरा के शेयर की कीमत 31 करोड़ रुपये से ज्यादा बैठती है। इससे साफ है कि ललित मोदी के जरिये वसुंधरा को बड़ा आर्थिक लाभ मिला है।
नियंत हेरिटेज होटल प्रा. लि.वही कंपनी है जिसमें ललित मोदी ने 11.60 करोड़ का निवेश किया है। शपथ पत्र में राजे ने खुद कहा है कि वे इस कंपनी की एक तिहाई की मालकिन हैं।
2014 के शपथ पत्र में कहा गया है कि दुष्यंत सिंह के पास कंपनी के 3250 शेयर, वसुंधरा की बहू निहारिका सिंह के 3250 शेयर और वसुंधरा राजे के 3280 शेयर हैं।
800 के आसपास ललित मोदी के शेयर हैं। राजे के शपथपत्र का दस्तावेज सामने आने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उनके बचाव में भाजपा को एक-एक कर नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब तक उनके सांसद पुत्र दुष्यंत के साथ ही ललित मोदी के लेनदेन की बात सामने आई थी। मगर शपथपत्र में उनके खुद की स्वीकारोक्ति के बाद भाजपा के लिए उनका बचाव कर पाना आसान नहीं होगा।