अमेरिकी पुलिस का ये सच जानकर चौंक जाएंगे आप!
अमेरिकी पुलिस की छवि बेहद खराब हो चुकी है। अगर एक मीडिया रिपोर्ट पर यकीन करें तो अमेरिकी पुलिस हर दिन दो से ज्यादा लोगों को मार देती है।
मीडिया रिपोर्ट में यह दावा इस साल के आंकड़ों के आधार पर किया गया है। अखबार वाशिंगटन पोस्ट ने पूरे अमेरिका में पुलिस की कार्रवाई में होने वाली मौतों की पड़ताल की है।
उसका कहना है कि आम तौर पर स्थानीय पुलिस विभाग ऐसी हत्याओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं करता, जिस वजह से देश भर में इस तरह के आंकड़े या तो अधूरे हैं या फिर उपलब्ध नहीं हैं।
वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में किया गया दावा
अखबार ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस साल अब तक कम से कम 385 लोगों को पुलिस ने अपनी कार्रवाइयों के दौरान गोली मार दी।
उसका कहना है कि जिस हिसाब से गोली मारने की घटनाएं हो रही हैं, उससे साल के आखिर तक औसतन हर दिन में दो लोगों को गोली मारने का आंकड़ा बैठता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले दशक के मुकाबले अब इस तरह की गोली मारने की घटनाएं काफी ज्यादा हो चुकी है। जिसके आंशिक आंकडे़ ही उपलब्ध हैं।
अखबार ने कहा है कि ज्यादातर पुलिस गोलीबारी की घटनाएं उस वक्त होती हैं, जब किसी समुदाय से पुलिस की झड़प होती है, जिससे अचानक हिंसा भड़क उठती है। फर्ग्यूसन और बाल्टीमोर में पुलिस गोलीबारी में दो युवकों की मौतों जैसी तमाम घटनाओं का हवाला दिया गया है।