सिविल सेवा की तैयारी करने वालों के लिए खुशखबरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईएएस, आईपीएस और आईएफएस जैसी देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी।
अरसे से उम्मीदवारों द्वारा की जा रही अपने अंकों को सार्वजनिक करने की मांग को अंतत: परीक्षा कराने वाली संस्था संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मान ली है।
अब अभ्यर्थी प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में हासिल किए गए अपने अंक आयोग की वेबसाइट पर देख सकेंगे। यही नहीं आयोग ने पहली बार यह कदम उठाते हुए इस साल सेवाओं के लिए चुने गए सभी अभ्यर्थियों के अंकों को अपनी वेबसाइट पर मुहैया भी करा दिया है।
इस त्रिस्तरीय परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के अलावा असफल अभ्यर्थी भी अपने अंक आयोग की वेबसाइट पर देख सकेंगे। इससे उन्हें अपनी तैयारी के आकलन में खासी मदद मिल सकेगी।
आयोग से समन्वय के लिए नोडल विभाग के तौर पर काम करने वाले कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, ‘चयन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
दरअसल यह सूचना का अधिकार कानून के तहत ऐसा किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा जानकारी लोगों को मुहैया कराया जा सके।’
आयोग ने अपनी वेबसाइट पर इस साल के कुल 1004 सफल अभ्यर्थियों के अंक जारी किए हैं। जिसके मुताबिक, 2012 की सिविल सेवा परीक्षा में सर्वोच्च स्थान पर रहीं हरिथा वी कुमार ने 2250 के पूर्णांक में से 1193 (तकरीबन 53 फीसदी) अंक हासिल किए हैं।
वहीं दूसरे स्थान पर रहे वी श्रीराम ने 1149 अंक (तकरीबन 51 फीसदी) और तीसरे स्थान पर रहीं स्तुति चरण ने 1148 अंक (तकरीबन 51 फीसदी) हासिल किए हैं।