बजट के खिलाफ एकजुट हुआ विपक्ष, संसद में हंगामा तय
शनिवार को पेश हुए आम बजट पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में हंगामा होना तय है। बजट में सेवा कर में बढ़ोत्तरी संबंधी प्रावधान ने नाराज विपक्ष को एकजुट कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस सहित कई अन्य विपक्षी दलों ने सोमवार को प्रश्नकाल स्थगित करने का नोटिस देने का फैसला किया है।
कांग्रेस, वामदल, जदयू, सपा, बसपा, राजद सहित तमाम दलों ने बजट का तीखा विरोध करते हुए कथित गरीब विरोधी प्रावधानों के खिलाफ लोकसभा में आवाज बुलंद करने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि आम बजट पर सरकार विपक्ष के निशाने पर है। विपक्ष का कहना है कि सेवा कर में बढ़ोत्तरी से आम उपयोग में आने वाली सभी वस्तुएं महंगी हो जाएंगी।
बजट की विपक्ष ने की तीखी आलोचना
इसके अलावा विपक्ष को स्वास्थ्य बजट को घटाने और वित्त मंत्री अरुण जेटली के मध्य वर्ग को खुद अपना ख्याल रखने की नसीहत बेहद नागवार गुजरा है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने भी इस बजट को दिशाहीन करार दिया है, जबकि वाम दल इसे उद्योगपतियों का बजट करार दे रहे हैं। माकपा सांसद मोहम्मद सलीम ने कहा है कि अच्छे दिन का वादा कर सत्ता में आई सरकार आम लोगों को बजट के जरिए बुरा दिन दिखा रही है।
जदयू के शरद यादव ने इसे अमीरों और बड़े कारोबारियों का बजट करार देते हुए संसद में सरकार से हिसाब मांगने की बात कही है। जबकि कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे ने बजट को शब्दों की लफ्फाजी करार देते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी पर चिंता जाहिर की है।