बिहार: बीजेपी-जेडीयू विधायकों में हाथापाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीजेपी और जेडीयू के रिश्तों में तल्खी इसकदर बढ़ गई है कि मामला अब हाथापाई तक पहुंच गया है। ये सब कुछ बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान हुआ।
सारा हंगामा उस समय भड़का जब बिहार विधान परिषद में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय और जेडीयू के विधान पार्षद संजय सिंह के बीच हाथापाई शुरू हो गयी।
पहले टोका-टोकी, गाली-गलौच से शुरू हुआ ये विवाद आगे हाथापाई तक कब पहुंच गया किसी को समझ ही नहीं आया। पूरा घटनाक्रम नेता प्रतिपक्ष सुशील कुमार मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के सामने हुआ।
मंगल पांडे और संजय सिंह के बीच मारपीट
हंगामे की शुरूआत प्रश्नकाल के दौरान हुई। जब बीजेपी के पार्षद बैद्यनाथ प्रसाद ने पिछड़े और अत्यंत पिछड़े वर्ग को मिलने वाली छात्रवृत्ति पर सवाल पूछा था।
उन्होंने सवाल उठाए कि बीजेपी जब सरकार में थी तो इस मद में एक लाख रुपये आवंटित थे जिसे बाद में 75 हजार और अब महज 15 हजार कर दिया गया है। इससे इस वर्ग के छात्र को 10वीं के बाद तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है।
इस प्रश्न का जवाब प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी दे रहे थे। चौधरी के जवाब देने के ही दौरान सुशील कुमार मोदी उठे और कहा कि विभागीय मंत्री बीमा भारती सदन में अनुपस्थित क्यों हैं।
मोदी यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि जो मंत्री शपथ-पत्र ठीक से पढ़ नहीं पाए, उन्हें सदन में सरकार की ओर से उत्तर देने से बचाया जा रहा है। इसके बाद जेडीयू के विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष गलत भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
जेडीयू ने साधा सुशील मोदी पर निशाना
इस पर सुशील मोदी ने कहा कि आप कुछ नहीं जानते हैं, कुछ पढ़ना-लिखना सीखिए। इसके बाद संजय सिंह ने कहा मोदी जी की आदत है टोका-टोकी करने की। पिछले 15 मिनट में कई बार उठ कर सवाल कर चुके हैं।
इतने में बीजेपी की ओर से विधान पार्षद और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय उठ खड़े हुए। इसके बाद दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच तू-तू-मैं-मैं शुरू हो गयी। इस दौरान मोदी समेत बीजेपी के कई नेता वेल में पहुंच गये।
सदन के हालात देखकर सभापति ने विधान परिषद की कार्यवाही को स्थगित कर दिया। इसके बाद भी हंगामा बंद नहीं हुआ। इसी दौरान संजय सिंह और मंगल पांडे के बीच सीधा आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गयी। बाद में बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ।
नीतीश कुमार के सामने हुआ हंगामा
विधान परिषद से बाहर आने पर जेडीयू के विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि सभापति ने विधान परिषद को स्थगित कर दिया था। इसके बाद मंगल पांडे मेरे ऊपर व्यक्तिगत तौर पर हमला किया।
संजय सिंह ने बताया कि मंगल पांडे ने हमें गाली दी और देख लेने की धमकी दी। वहीं, मंडल पांडेय ने कहा कि यह सब कुछ नीतीश कुमार के इशारों पर हो रहा है। संजय सिंह हमेशा कार्यवाही के दौरान हंगामा करते हैं।
इस बीच बीजेपी ने विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करने की बात कही है। पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने कहा कि उच्च सदन की गरिमा को बनाये रखना चाहिए था। जो कुछ हुआ अच्छा नहीं हुआ, गलती दोनों पक्षों की है।