संसद में विपक्ष का हंगामा जारी, कार्यवाही ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संसद की कार्यवाही का दूसरा हफ्ता भी हंगामे की भेंट चढ़ सकता है। कांग्रेस ललित गेट और व्यापम मामले में विदेश मंत्री और दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के इस्तीफे पर अड़ी हुई है। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा जारी है।
विपक्ष ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने उसे खारिज कर दिया। विरोध में विपक्ष ने सदन में प्लेकार्ड दिखाए। महाजन ने प्लेकार्ड दिखाने वाले संसदों को चेतावनी दी। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे प्लेकार्ड न दिखाएं, अन्यथा उन्हें निलंबित किया जा सकता है। हंगामे के बीच ही उन्होंने लोकसभा का प्रश्नकाल जारी रखा, जबकि राज्यसभा स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में विपक्ष के नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कर रहे हैं, लेकिन भ्रष्टाचार पर चुप हैं। भ्रष्टाचार पर चुप्पी नहीं चलेगी। वहीं केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि कांग्रेस तमाशा कर रही है।
संसद की कार्यवाही शुरु होने से पहले प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों से मुलाकात भी की। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में गतिरोध खत्म करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, हालांकि वह बेनतीजा रही।
बेनतीजा रही स्पीकर की सर्वदलीय बैठक
लोकसभा में गतिरोध टालने के लिए स्पीकर सुमित्रा महाजन द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ललित गेट और व्यापम मामले में विदेश मंत्री और दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों के इस्तीफे पर अड़ी रही। साथ ही विपक्ष ने गतिरोध टालने के लिए सरकार की ओर से कोशिश न होने पर भी सवाल खड़े किए।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक में विपक्ष को सरकार की ओर से जल्द सर्वदलीय बैठक बुलाने का आश्वासन दिया है।
बैठक में स्पीकर ने सत्र के दौरान विपक्षी सदस्यों के वेल में आने, प्ले कार्ड लहराने और एक सदस्य के आसन के बगल में खड़े हो कर प्ले कार्ड लहराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सभी दलों से ऐसी परंपराओं पर लगाम लगाने की अपील भी की।
आरोपी मंत्रियों के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस
बैठक में सभी दल सदन की कार्यवाही चलाने पर सहमत तो थे, मगर अपनी शर्तें पूरी होने के बाद। सरकार जहां सभी मुद्दों पर चर्चा करने के पुराने प्रस्ताव पर अड़ी रही, वहीं विपक्ष भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे मंत्रियों के इस्तीफे पर।
इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार को विपक्ष में रहते संसद में किए गए हंगामे की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी हंगामे और सदन को न चलने देने को संसदीय प्रजातंत्र का एक हिस्सा बताया था।
इस पर स्पीकर ने कहा कि उनकी सिर्फ इतनी अपील है कि अतीत में हुई चीजों को परंपरा न बनाते हुए नई पहल करें। राजद के जयप्रकाश यादव और सपा के धर्मेंद्र यादव ने बैठक में जातिगत जनगणना और किसानों को मिले कम मुआवजे पर चर्चा की मांग की। बैठक में सरकार ने संकेत दिया है कि गतिरोध तोड़ने के लिए उसकी ओर से जल्द ही सर्वदलीय बैठक बुलाई जा सकती है।