विदेश में बैठकर फेसबुक से करवाया मेरठ में बवाल
देवी-देवताओं पर आपतिजनक टिप्पणी और फोटो अपलोड करने वाला विदेश में है। वहीं से उसने फेसबुक पर अकाउंट बनाया और आपतिजनक सामग्री अपलोड कर देश के लोगों के एकाउंट पर पोस्ट की। फेसबुक पर इस हरकत का पता मंगलवार को चला, जिसके बाद मेरठ में वेस्ट एंड रोड स्थित शनि मंदिर में मंगलवार संतों की बैठक हुई। हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में फेसबुक पर आपतिजनक टिप्पणी और फोटो अपलोड करने पर आक्रोश जताया। फिर सदर बाजार थाने पहुंचकर हंगामा प्रदर्शन किया।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। तीन दिन से पुलिस फेसबुक के उस अकाउंट की डिटेल खंगालने में जुटी रही। हैदराबाद की आईटी जांच एजेंसी से मदद ली, जिसमें मालूम चला कि फेसबुक अकाउंट किसी भारतीय का नहीं है और वह विदेश से अकाउंट को संचालित कर रहा है।
फिलहाल पुलिस अधिकारी अकाउंट खोलने वाले शख्स का नाम और जिस देश में वह बैठा है, उसका नाम नहीं खोल रहे। अधिकारियों का कहना है कि आईटी एक्सपर्ट से इसकी अधिकारिक लिखित रिपोर्ट लेंगे, तभी स्पष्ट होगा कि आईपी एड्रेस जिस व्यक्ति का है वह किस देश का रहने वाला है।
पहले भी हुआ बवाल
धार्मिक स्थल या देवी-देवताओं के बारे में अश्लील टिप्पणी करने पर जिले में कई बार पहले भी बवाल हो चुका है। शास्त्रीनगर में धार्मिक ग्रंथ से अभद्रता पर बवाल हुआ था। इसके अलावा डेढ़ साल पूर्व घंटाघर और भूमियापुल पर धार्मिक स्थल के बारे में आपतिजनक टिप्पणी करने पर एक समुदाय के लोगों ने हंगामा किया था।
एक साल पूर्व देवी देवताओं की अश्लील फोटो और टिप्पणी करने पर शारदा रोड पर व्यापारी और भाजपाइयों ने हंगामा प्रदर्शन कर जाम लगाया। डीआईजी से भी इसकी शिकायत की थी। इन घटनाओं के बावजूद पुलिस फेसबुक के मामलों को गंभीरता से नहीं लेती।
मेरठ रेंज के डीआईजी के. सत्यनारायाणा ने बताया कि फेसबुक पर जिस अकाउंट से फोटो और टिप्पणी डाली गई, उसकी छानबीन कराई गई। हैदराबाद की जांच एजेंसी से मदद में मालूम चला कि आईपी एड्रेस विदेश में बैठे युवक का है। अब यही तय करना है कि आरोपी के खिलाफ किस तरह से कार्रवाई की जाए।