राम मंदिर बना नहीं, अखिलेश के खजाने में आए 300 करोड़
अयोध्या का विवाद तकरीबन 22 सालों बादों भी सुलझ नहीं सका है, हालांकि उत्तर प्रदेश सरकार ने इन्हीं सालों में विवादित स्थल पर बने अस्थायी मंदिर से तकरीबन 300 करोड़ रुपए जुटा लिए।
सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त हुई जानकारी में बताया गया है कि विवादित स्थल पर बने अस्थायी राम मंदिर से उत्तर प्रदेश सरकार 22 सालों में प्रवेश टिकट से 300 करोड़ रुपए कमा चुकी है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी की एक याचिका में जानकारी का उल्लेख किया गया है।
उस याचिका के जरिए स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि वह उत्तर प्रदेश से पूछे कि उन पैसों का उपयोग अब तक कैसे किया जाता रहा है? उल्लेखनीय है कि अयोध्या स्थित बाबरी मस्जिद को 6 दिसंबर, 1992 को ढहा दिया गया था। मस्जिद के चबूतरे पर ही अस्थायी रूप में से राम मंदिर बनाया गया।
(साभारः अयोध्या में बने अस्थायी राम मंदिर की यह तस्वीर मेल टुडे से ली गई है।)
स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका
स्वामी ने अपनी याचिका में कहा है कि सूचना के अधिकार के जरिए ये जानकारी आई है कि उत्तर प्रदेश सरकार मंदिर में एंट्री टिकट लगाकर 300 करोड़ रुपए कमा चुकी है। स्वामी ने पूछा है कि उस पैसे से अब तक क्या किया गया? प्रदेश सरकार खर्च का पूरा ब्योरा दे।
स्वामी ने कहा है कि 1996 में सुप्रीम कोर्ट ने विवादित स्थल पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक वहां किसी ढांचे का निर्माण नहीं किया जा सकता लेकिन श्रद्घालुओं को मूलभूत सुविधाएं दी जा सकती हैं।
स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट से श्रद्घालुओं को मूलभूत सुविधा मुहैया कराने संबंधी अपनी याचिका पर जल्द सुनवाई की गुहार लगाई है।