भाजपा नेता का सामने आया अंडरवर्ल्ड डॉन कनेक्शन
इंडोनेशिया में पकड़ा गया अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का साला मुंबई में भाजपा का नेता है। नाम है राहुल वालुंज। वह छोटा राजन की पत्नी सुजाता का भाई है और भाजपा की मजदूर इकाई से जुड़ा है। हालांकि उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
कुख्यात डॉन छोटा राजन का साला राहुल वालुंज भाजपा के मजदूर संगठन राष्ट्रीय एकजुट कामगार संगठन का उपाध्यक्ष है। उसे छोटा राजन की गिरफ्तारी से एक महीने पहले ही भाजपा में शामिल किया गया है।
इससे पहले वह शिवसेना में था। 40 वर्षीय राहुल नागपुर के भाजपा नेता सुधाकर देशमुख को रिपोर्ट करता है। सुधाकर देशमुख नागपुर से भाजपा के विधायक हैं और पार्टी के मजदूर संगठन की जिम्मेदारी संभालते हैं।
इस बारे में देशमुख का कहना है कि राहुल की एक अलग पहचान है। उसे केवल छोटा राजन के साले के रूप में पहचानना उसके साथ अन्याय होगा। उसके खिलाफ कोई मामला भी दर्ज नहीं है।
ऐसे में उसे मौका क्यों नहीं दिया जाना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि राहुल ही मुंबई में अपनी बहन सुजाता राजन निखालजे का सारा कामकाज देखता है।
डॉन की गिरफ्तारी से एक महीने पहले ही जुड़ा था भाजपा से
भाजपा के सूत्र बताते हैं कि राहुल की मजदूर क्षेत्र में काफी अच्छी पकड़ है जबकि सूबे की मजदूर राजनीति में भाजपा काफी कमजोर स्थिति में है। इसलिए पार्टी को ऐसे नेता की तलाश थी, जो विरोधी मजदूर संगठनों पर दबंगई का साहस दिखा सके। छोटा राजन के साले ने कम समय में ही भाजपा के कुछ बड़े नेताओं से भी संबंध भी बना लिए हैं।
वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार और गृह राज्यमंत्री राम शिंदे ने तो उसका बाकायदा स्वागत भी किया है। हालांकि मुनगंटीवार कहते हैं कि उन्हें वालुंज के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में उसका सत्कार किया इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
विपक्ष ने इस मामले में भाजपा पर हमला बोला है। आप की संयोजक प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि यह भाजपा के दोहरे चरित्र को दिखाता है। भाजपा हमेशा स्वच्छ और साफ सुथरी राजनीति की बात करती है लेकिन प्रत्यक्ष में वह खुद इसका पालन नहीं करती।