राज भी मांग रहे मोदी के लिए वोट, अब उद्घव क्या करें?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर भारतीय विरोध की बुनियाद पर महाराष्ट्र का नवनिर्माण करने चले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे भी चुनाव में नरेंद्र मोदी के नाम की माला जप रहे हैं।
16वें लोकसभा चुनाव की यह अजब पहेली महाराष्ट्र की जनता को बूझना पड़ रहा है क्योंकि एक तरफ भाजपा-शिवसेना महायुति तो दूसरी तरफ राज ठाकरे भी मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं।
इससे महाराष्ट्र में बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को चाहने वाली जनता असमंजस में है कि वह किसे वोट दे। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कुछ दिन पहले मुंबई के एक पंचसितारा होटल में राज ठाकरे से मिले थे।
असमंजस में मतदाता, किसे दें वोट
चुपके चुपके मिलने से शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे बिफर गए थे। दरार बढ़ी तो भाजपा बचाव में आ गई। खैर, अब भाजपा-शिवसेना एकजुट होकर चुनाव का सामना कर रही है लेकिन, उद्धव से बदला लेने के लिए राज ठाकरे ने शिवसेना उम्मीदवारों के सामने अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं।
इतना ही नहीं भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे के समर्थक प्रत्याशी के सामने भी राज ने दीवार खड़ी कर दी है और मोदी लहर पर सवार हो लिए हैं। चुनाव के मौके पर राज ठाकरे के मुंह से मोदी की प्रशंसा न तो भाजपा के गले उतर रही है और न ही उसकी सहयोगी पार्टी शिवसेना को ही रास आ रही है।
इससे मोदी को चाहने वाली जनता भी पसोपेश में है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त वी एस संपत के मुंबई आने पर महाराष्ट्र भाजपा के चुनाव प्रभारी श्रीकांत भारतीय ने उनसे मनसे की शिकायत की और ज्ञापन दिया।
मनसे ने 10 सीटों पर प्रत्याशी उतारा
इस पर राज ठाकरे ने तर्क दिया कि हम सन 2010 से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन कर रहे हैं, जब भाजपा ने उन्हें प्रधानमंत्री का उम्मीदवार भी नहीं बनाया था। इस तरह राज ठाकरे ने मोदी को कैश कर मराठी मतदाताओं को अपना संदेश दे दिया है।
लोकसभा चुनाव में राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की 48 में से 10 सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारा है और दो सीटों पर शेतकरी (किसान) कामगार पार्टी को समर्थन दिया है। मनसे के 8 प्रत्याशी शिवसेना उम्मीदवार के सामने हैं।
शिवसेना के मुकाबले मनसे ने अपना प्रत्याशी उतारकर राज ने उद्धव ठाकरे की मुसीबत बढ़ा दी है। मुंबई की छह लोकसभा सीटों में से भाजपा की तीन सीट (उत्तर-मुंबई, उत्तर-पूर्व मुंबई और उत्तर-मध्य मुंबई) पर मनसे ने उम्मीदवार नहीं खड़े किए हैं।
गडकरी से यारी-मुंडे को चुनौती
महाराष्ट्र में भाजपा गोपीनाथ मुंडे और नितिन गडकरी गुट में बंटी है। राज ठाकरे का नितिन गडकरी से याराना हैं। इसलिए राज ने गडकरी से अपनी यारी निभाई है लेकिन मुंडे के सामने चुनौती पेश कर दी है।
मनसे ने पुणे और भिवंडी सीट से ही भाजपा के खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारा है। दोनों भाजपा उम्मीदवार मुंडे गुट के हैं।
महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता माधव भंडारी कहते हैं कि जब जनता के सामने मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए बनी महायुति का उम्मीदवार है तो वह असली को चुनेगी नकली को नहीं।