पीएम मोदी के भोज में शामिल नहीं होंगे उद्धव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा से पुनर्मिलन के संकेतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रविवार को नई दिल्ली में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में शामिल होने पर शिवसेना के सांसदों ने हामी भर दी है, लेकिन पार्टी अध्यक्ष इस समारोह में शिरकत नहीं करेंगे।
इस पर स्पष्टीकरण देते हुए शिवसेना ने कहा है कि चूंकि कार्यक्रम का आयोजन राजग सांसदों के लिए किया गया है इसलिए उद्धव ठाकरे के इसमें जाने का कोई मतलब नहीं है।
नरेंद्र मोदी सरकार में शामिल शिवसेना के एकमात्र सांसद अनंत गीते ने शुक्रवार को बताया कि पीएम की ओर से आयोजित दिवाली मिलने समारोह में वे पार्टी के सभी सांसद के साथ शामिल होंगे।
'पीएम से मिलने के लिए भोज की जरूरत नहीं'
पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि चूंकि उद्धव ठाकरे सांसद नहीं है इसलिए उन्हें आमंत्रित करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि पंजाब के मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल नेता प्रकाश सिंह बादल को आमंत्रित किया गया है और उद्धव ठाकरे को नहीं।
उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी अध्यक्ष राम विलास पासवान को इसलिए आमंत्रित किया गया है, क्योंकि वे सांसद भी हैं। उक्त नेता ने कहा कि शिवसेना के सभी सांसदों को आमंत्रित किया गया है और वे पीएम के इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को पीएम से मिलने के लिए किसी भोज के निमंत्रण की जरूरत नहीं है। अगर वे प्रधानमंत्री से मिलना चाहेंगे तो सीधे जाकर उनसे मिल सकते हैं।
भाजपा के साथ सरकार बनाने को उत्सुक हैं उद्धव : अठावले
आरपीआई अध्यक्ष व सांसद रामदास अठावले ने शुक्रवार को कहा कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे भाजपा के साथ सरकार बनाने को उत्सुक हैं। उन्होंने यह बयान उद्धव से मुलाकात के बाद दिया। अठावले ने कहा कि भाजपा और शिवसेना के बीच चुनाव प्रचार के दौरान उपजा तनाव अब बीते दिनों की बात हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि दोनों के संबंध जल्द ही सामान्य हो जाएंगे। 26 अक्तूबर को प्रधानमंत्री के भोज में उद्धव ठाकरे के शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इससे फर्क नहीं पड़ता कि वे भोज में शामिल होंगे या नहीं, लेकिन केंद्रीय भारी उद्योगमंत्री अनंत गीते और शिवसेना के सांसद भोज में उपस्थित रहेंगे।