महिला ने भेजा TTE का वीडियो, रेल मंत्री ने फटाफट की कार्रवाई
यात्री से वसूली करना इलाहाबाद मंडल के दो टीटीई को महंगा पड़ गया है। एक जागरूक यात्री द्वारा वसूली करने वाले दोनों टीटीई का वीडियो बनाकर उसे रेलमंत्री के ट्विटर एकाउंट में डाल दिया।
बस फिर क्या, रेलमंत्री सुरेश प्रभु तक मामला पहुंचते ही उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) का इलाहाबाद मंडल हरकत में आ गया। डीआरएम द्वारा मामले की जांच कराने के बाद दोनों टीटीई निलंबित कर दिए गए।
बताया जा रहा है कि अंजनी शाह नाम के एक यात्री ने 11 नवंबर को रेलमंत्री सुरेश प्रभु को ट्वीट कर जानकारी दी कि इलाहाबाद मंडल के हाथरस स्टेशन पर दो टीटीई यात्री से अवैध वसूली कर रहे हैं। उसने 30 सेकंड का एक वीडियो भी लोड कर दिया। मामला रेलमंत्री तक पहुंचा तो उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन भी हरकत में आ गया।
ट्वीट कर बताया होगी कार्रवाई
21 नवंबर को एनसीआर की ओर से ट्वीट कर जानकारी दी गई कि संबंधित यात्री की
कंपलेन नोट कर ली गई है। इस मामले में रेल प्रशासन जांच कर रहा है।
इसके
बाद 27 नवंबर को इलाहाबाद मंडल के डीआरएम वीके त्रिपाठी ने ट्वीट कर बताया
कि दोनों टीटीई के खिलाफ जांच हो गई है अब उनके खिलाफ अनुशासनात्मक
कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम की इस ट्वीट के बाद एनसीआर प्रशासन ने दोनों
टीटीई के निलंबन की कार्रवाई बृहस्पतिवार को कर दी गई। इलाहाबाद मंडल के
पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी
टीटीई के नाम अवनीश कुमार और सोहन लाल हैं, उनकी तैनाती टूंडला की है।