यूपी: पुरानी रंजिश में दो पक्ष भिड़े, दो की मौत, 3 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुरीर कोतवाली के गांव सिकंदरपुर में पुरानी रंजिश के चलते दो परिवारों के बीच फायरिंग में एक महिला और युवक की मौत हो गई। गोली लगने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
रंजिश एक साल पूर्व एक युवक द्वारा बालिका संग दुराचार को लेकर शुरू हुई थी। आरोपी युवक जेल में है। शुक्रवार को मामले में राजीनामे को लेकर पंचायत होनी थी।
एक साल पूर्व गांव के पप्पी पुत्र तेजपाल के खिलाफ एक व्यक्ति ने उसकी सात साल की बेटी संग दुराचार का आरोप लगाया था। मेडिकल परीक्षण के बाद सुरीर पुलिस ने पप्पी को जेल भेज दिया।
18 सितंबर को मामले में कोर्ट में सुनवाई होनी है। इधर पप्पी के परिवारीजन पीड़ित परिवार पर राजीनामे के लिए दबाव बना रहे थे। शुक्रवार को इस संबंध में पंचायत होनी थी।
सुबह आठ बजे इसी को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं में मारपीट हो गई। गांव के अन्य लोगों ने तब तो महिलाओं को शांत करा दिया। सुबह 8:30 बजे पीड़ित पक्ष का एक व्यक्ति घर से खेत पर जा रहा था।
तभी तेजपाल पक्ष के लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। जानकारी पर लोग पहुंचे और दोनों पक्षों में मारपीट, पथराव के बाद फायरिंग हो गई। दोनों ओर से जमकर गोलियां चलीं।
पुलिस ने पहुंचकर काबू किए हालात
इसमें गोली लगने से पीड़ित पक्ष और हमलावर पक्ष से सोहन देवी (70) पत्नी वेदराम, टीकम पुत्र वेदराम सहित आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर सुरीर पुलिस मौके पर पहुंची तो हालात काबू में आए।
पुलिस घायलों को मांट स्वास्थ्य केन्द्र लेकर गई। जहां पीड़ित पक्ष के एक व्यक्ति और सोहन देवी को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर सीओ मांट जनक सिंह, एसपी ट्रैफिक आशुतोष द्विवेदी, एसएसपी डा. राकेश सिंह मय फोर्स के गांव पहुंच गए। दोपहर को डीआईजी लक्ष्मी सिंह सिकंदरपुर पहुंची और पूछताछ की।
मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से तेजपाल, प्रेमपाल पुत्र वेदराम, महेश पुत्र प्रेमपाल, गोपाल पुत्र रामवीर, ऋषि पुत्र तेजपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव में मांट, सुरीर, नौहझील थाना पुलिस और क्यूआरटी तैनात की गई है।
सोहन देवी पर बेटों ने चलाई गोली
फायरिंग में वृद्धा सोहन देवी की हत्या के मामले में आरोप है कि उसके परिवार के लोगों ने उस पर गोली चलाई। सुरीर कोतवाली पुलिस को पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फायरिंग के दौरान जब उनके पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई तब कहा गया कि क्रास केस बनाने के लिए वृद्धा को मार दो। इसके बाद ही सोहन देवी के बेटों ने ही उसको गोली मार दी।
सिकंदरपुर में रंजिशन हुई फायरिंग में युवक की गोली मारकर हत्या हुई थी। इसके बाद हमलावर पक्ष ने फंसने से बचने के लिए वृद्धा को गोली मार दी। उसकी भी मौत हो गई। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। हमलावर पक्ष फरार है। गिरफ्तारी के लिए एसपी देहात और सीओ के नेतृत्व में टीम बनाकर दबिश दी जा रही हैं। शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
-राकेश सिंह, एसएसपी