यूपी: दर्शन कराने को लेकर भिड़े पंडे, 2 की हत्या
मिर्जापुर के विंध्याचल में पुरानी वीआईपी रोड पर दर्शन कराने को लेकर हुए विवाद के दौरान गुरुवार सुबह दस बजे पंडों में हुई भिड़ंत में दो की गोली मार कर हत्या कर दी गई जबकि तीसरा पंडा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
घायल पंडे को गंभीर हालत में वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी दो पंडों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पश्चिम मोहाल निवासी दुर्वासा द्विवेदी की ओर से विंध्याचल थाने में दी गई तहरीर के अनुसार गुरुवार की सुबह लगभग दस बजे वह अपने भाइयों मृत्युंजय (उम्र 30 वर्ष) और धनंजय (35 वर्ष) के साथ एक दर्शनार्थी को मंदिर में दर्शन कराने ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मिले पंडा ज्ञानचंद्र पांडेय तथा उसके पुत्र शुभम ने उनको रोक लिया। ये दोनों जिद करने लगे कि दर्शनार्थी को वे मंदिर में दर्शन कराने ले जाएंगे। इस बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर ज्ञानचंद्र ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उनके भाई मृत्युंजय द्विवेदी को गोली मार दी। बीच बचाव करने पहुंचे एक अन्य पंडे शिवशंकर गिरी की भी गोली मार दी। इसके बाद कटवासा (गड़ासे जैसा धारदार हथियार) से धनंजय के ऊपर हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
फायरिंग से इलाके में अफरातफरी
उधर, ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। रास्ते से गुजर रहे दर्शनार्थी इधर-उधर भागने लगे। आसपास के लोग तुरंत तीनों को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां डाक्टरों ने मृत्युंजय द्विवेदी और शिवशंकर गिरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि धनंजय की स्थित गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह यादव ने अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करके आरोपियों को तुरंत पकड़ने के आदेश दिए हैं।
विंध्याचल के कोतवाल सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पंडा ज्ञानचंद्र और उसके पुत्र शुभम के खिलाफ हत्या समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह यादव ने कहा कि हत्यारोपी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।