बरेली से गिरफ्तार कश्मीरी निकले मादक पदार्थों के तस्कर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली के सैलानी रोड पर अजीज गेस्ट हाउस से दो संदिग्ध कश्मीरी पकड़े गए हैं । पकड़े गए लोगों में शौकत और इरफान शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों नशे के सौदागर निकले। वे सुरक्षा एजेंसियों की आंख में धूल झोंककर टूरिस्ट गाइड और स्टोन बेचने की आड़ में अफीम, कोकीन और हेरोईन सप्लाई कर रहे थे।
कश्मीर से वे दिल्ली तक हवाई जहाज से आते-जाते थे और दिल्ली से बरेली तक ट्रेन से। वे बरेली से माल कश्मीर ले जाकर सप्लाई करते थे। उनके पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। दोनों को पकड़ने के बाद पुलिस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश में लग गई है। मुख्य आरोपी के खाते से लेनदेन का रिकार्ड खंगाल कर खाता सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि तलाशी ली गई तो उनके पास से 15 ग्राम अफीम, 14 ग्राम हेरोईन, 128 ग्राम कोकीन और 56 ग्राम हशीश बरामद हुई। एसपी सिटी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थों की कीमत करीब पचास लाख रुपये है। वे दोनों 19 जुलाई को गो एयर फ्लाइट से कश्मीर से दिल्ली तक आए और दिल्ली से ट्रेन से बरेली पहुंचे।
पाक कनेक्शन की तलाश
एसपी ने बताया कि शौकत के पास से पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और एटीएम विड्राल की रसीदें भी मिलीं। जिनसे पता चला कि 17 से 24 जुलाई के बीच उसने कुल 12 बार में अपने खाते से एटीएम से 1,11,000 रुपये निकाले और इस धनराशि से बरेली पहुंचकर मादक पदार्थ खरीदे।
शौकत का जम्मू एडं कश्मीर बैंक बेमिना शाखा श्रीनगर में खाता है। उसके खाते में 5.30 लाख रुपया जमा है। पुलिस ने उसका खाता सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शौकत ने कहां और किससे मादक पदार्थ खरीदे इसका पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही है। क्योंकि नशे के सौदागरों का ये संगठित गिरोह बताया जा रहा है, जो बरेली से ट्रेन से दिल्ली तक और दिल्ली से कश्मीर तक हवाई जहाज से सुरक्षा एजेंसियों की आंख में धूल झोंककर मादक पदार्थों की तस्करी लंबे समय से कर रहे थे, लेकिन वह कभी पकड़े नहीं गए। नशे के सौदागर कश्मीरियों का बड़ा नेटकवर्क है।
दो कश्मीरियों के पकड़े जाने के बाद एलआईयू, आईबी समेत कई सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं। उनका पूरा ब्यौरा खंगाला जा रहा है। साथ ही वह विदेशों में भी मादक पदार्थ की तस्करी करते थे, इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है और उनका पाकिस्तानी कनेक्शन भी तलाशा जा रहा है। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों की पूरी इंट्रोगेशन रिपोर्ट तैयार की जा रही है।