नशे में ट्रेन के आगे लेटा युवक, बचाने में भाई भी मरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मामूली मानसिक तनाव दूर करने के लिए पी गई शराब ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। दोनों ने जिटौली गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे बैठकर शराब पी। इस बीच नशे में एक युवक ट्रैक पर जाकर लेट गया।
तभी ट्रेन आती देखकर दूसरा उसे बचाने पहुंच गया, लेकिन धड़धड़ाती ट्रेन ने दोनों के चीथड़े उड़ा दिए। दोनों युवक चचेरे भाई थे। उनकी मौत से दोनों के परिवार में कोहराम मच गया।
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे हुआ। जिटौली गांव के पास जालंधर से दिल्ली जा रही सुपर एक्सप्रेस से कटकर दोनों की मौत हो गई। सूचना पर कंकरखेड़ा थाना और जीआरपी पहुंची।
मानसिक तनाव में था ब्रजपाल इसलिए लेटा ट्रैक पर
मृतकों की पहचान दौराला क्षेत्र के गांव सोफीपुर निवासी ब्रजपाल (35) पुत्र संतराम और दीपक (30) पुत्र सोहनलाल सिंह के रूप में हुई। संतराम और सोहनलाल सगे भाई हैं। पुलिस ने दोनों के घर पर सूचना दी तो परिजन पहुंचे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों युवक शादीशुदा थे। बृजपाल के चार बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं। दीपक के तीन बच्चे हैं, दो लड़के और एक लड़की।
पुलिस के अनुसार ब्रजपाल के परिवार में किसी बात को विवाद था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। दो दिन से वह अपने काम पर भी नहीं जा रहा था। पुलिस का मानना है कि शराब पीने के बाद ब्रजपाल आत्महत्या के लिए रेलवे ट्रैक पर लेटा, जबकि दीपक उसे बचाने के चक्कर में ट्रेन से कट गया।
इस तरह गई दोनों की जान
जिटौली के विकास, प्रेमपाल, सुरेंद्र और जगवीरी ने कंकरखेड़ा पुलिस को बताया कि हादसे के दौरान वे लोग भी दोनों युवकों को रेलवे ट्रैक पर देखकर चिल्लाए थे। सुपर एक्सप्रेस आती दिखाई दी तो काफी शोर मचाया हट जाओ, हट जाओ।
विकास के अनुसार दीपक हाथ पकड़कर ब्रजपाल को ट्रैक से हटाने की जद्दोजहद कर रहा था, जबकि ब्रजपाल ज्यादा नशा होने के कारण उठने की हिम्मत नहीं कर सका। इसी दौरान सुपर एक्सप्रेस उनके करीब पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले ब्रजपाल कटा, फिर दीपक।
निकले थे घूमने, पीने बैठ गए शराब
मंगलवार सुबह ब्रजपाल और दीपक बाइक पर घूमने के लिए घर से निकले, लेकिन शराब, पानी की बोतल, गिलास और नमकीन खरीदकर जिटौली में रेलवे लाइन किनारे पहुंच गए। जहां रेलवे लाइन के करीब बैठकर दोनों ने शराब पी। मौके से शराब और पानी की बोतल, नमकीन का खाली पैक और प्लास्टिक के दो गिलास पॉलीथिन में बंधे मिले। पुलिस ने इन चीजों को कब्जे में ले लिया है।