फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   tte arrested in attempting to rape student

छात्रा से दरिंदगी की कोशिश में टीटीई गिरफ्तार, जेल

Thu, 27 Dec 2012 09:59 AM IST
मुरादाबाद/ब्यूरो
मुरादाबाद/ब्यूरो Updated Thu, 27 Dec 2012 09:59 AM IST
विज्ञापन
tte arrested in attempting to rape student

पुरबिया एक्सप्रेस में एमबीए छात्रा के साथ रेप की कोशिश करने वाले टीटीई को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को तड़के लखनऊ स्थित उसके आवास पर छापा मारकर जीआरपी ने टीटीई को पकड़ लिया। पुलिस उसे दोपहर में मुरादाबाद ले आई और उससे पूछताछ की। शाम को रिमांड कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। दिल्ली की दरिंदगी के बीच हुए इस कांड का हड़कंप गोरखपुर तक मचा हुआ है।

विज्ञापन


संत कबीर नगर निवासी छात्रा जयपुर से एमबीए की पढ़ाई कर रही है। सोमवार को गोरखपुर के लिए वह अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ ट्रेन के एसी टू एवन कोच में सवार हुई। ट्रेन में ज्यादा भीड़ नहीं थी। टीटीई ने टिकट चेकिंग के बहाने छात्राओं से छेड़छाड़ की, लेकिन छात्राओं ने इस पर ध्यान नहीं दिया। रात करीब एक बजे जब ट्रेन मुरादाबाद के पास पहुंची तो टीटीई शैलेंद्र कुमार निगम फिर छात्राओं के पास पहुंचा और अभद्रता करने लगा।
विज्ञापन


उसने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और खींचकर दरवाजे की ओर ले जाने लगा। ट्रेन में सन्नाटा खिंचा हुआ था, किसी तरह उसकी सहेलियों ने उसे बचाया। ट्रेन जब बरेली पहुंची तो कोच में रेलवे के ही एक अफसर का परिवार चढ़ा। डरी हुई लड़कियों को किसी तरह संभालते हुए रेलवे अधिकारी ने घरवालों तक पहुंचाया। छात्रा के पिता ने मंगलवार को फैक्स भेजकर कंट्रोल रूम को सूचना दी तो हड़कंप मचा।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसपी रेलवे आरके भारद्वाज के साथ ही सीनियर डीसीएम मनोज सक्सेना को जानकारी दी गई। रात में ही टीटीई के खिलाफ 376, 511 धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। एक टीम लखनऊ रवाना की गई और लखनऊ जीआरपी को भी टीटीई की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। तड़के टीटीई के 52, बताशे वाली गली अमीनाबाद स्थित आवास पर पुलिस ने छापा मारा और गिरफ्तार कर लिया। टीटीई से पूछताछ के बाद रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, बाद में उसे जेल भेज दिया गया। लखनऊ के सीनियर डीसीएम ने उसे निलंबित कर दिया है। छात्रा के भी बयान दर्ज किए गए हैं।

एवन कोच में सवार थे सिर्फ चार यात्री
पुरबिया एक्सप्रेस के एसी एवन कोच में 24 दिसंबर को सिर्फ चार ही यात्री सफर कर रहे थे। दिल्ली से चढ़ी तीन सहेलियों के अलावा एक अन्य यात्री था, जो कोच की आखिरी सीट पर सो रहा था। कोच को सुनसान पाकर ही टीटीई छात्राओं के पास दुबारा पहुंचा और रेप का प्रयास किया। सन्नाटे का आलम यह था कि लड़कियां चीखती रहीं, लेकिन कोई मदद को नहीं पहुंचा। स्कवैड तो वैसे ही इस ट्रेन में नहीं था। बाहर आवाज जा नहीं रही थी। किसी तरह छात्रा और सहेलियों ने ही टीटीई को धक्का देकर अलग किया था। जांच शुरू हुई है तो यह तथ्य अब सामने आ रहे हैं।

सैकड़ों किलोमीटर का ‘असुरक्षित’ सफर
मंडल भर की तकरीबन 50 ट्रेनों में स्कवैड होता ही नहीं है। यह ट्रेनें टीटीई की देखरेख में गंतव्य तक पहुंचती हैं, लेकिन हैरत यह है कि कई बार न तो स्कवैड होता है और न टीटीई ही ट्रेनों में चढ़ते हैं। यह मामले रेलवे के अफसरों ने ही कई बार पकड़े हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा करने वाला कोई नहीं होता। पुरबिया एक्सप्रेस में भी स्कवैड नहीं था और कोच की जिम्मेदारी टीटीई पर ही थी, लेकिन उसी टीटीई ने रेप का प्रयास कर डाला। इस कांड की चर्चा दिनभर अफसरों के बाच होती रही।

जिनपर ट्रेन की जिम्मेदारी, वही बने ‘भक्षक’
टिकट निरीक्षक पर यात्री भी भरोसा करते हैं। उन्हीं के सहारे दूर तक का सफर करते रहे हैं, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। छेड़छाड़ के कई मामले अब तक मंडल में सामने आ चुके हैं। पांच टीटी तो पिछले छह माह में ही निलंबित हुए हैं। 25 के खिलाफ जांच चल रही है। मंडल भर में औसतन प्रतिमाह एक टीटीई विभिन्न शिकायतों के आधार पर सजा के तौर पर निलंबित होते हैं। अब चेकिंग स्टाफ में शामिल होने वाले कर्मचारियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

केस एक
हरिद्वार में तैनात टीटीई संदीप वर्मा के खिलाफ महिला स्टाफ ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उसके खिलाफ कई बार इस तरह के आरोप लग चुके हैं। शिकायत मिलने पर उसे निलंबित कर दिया गया। खास बात यह है कि संदीप नजीबाबाद थाने में हिस्ट्रीशीटर भी रहा है।

केस दो
नजीबाबाद में तैनात टीटीई आरके मीणा को भी इसी आरोप में सस्पेंड किया गया। महिला से छेड़छाड़ के बाद उन्हें स्टेशन पर जबरदस्त तरीके से पीटा भी गया था। इतना ही नहीं डेढ़ साल के छोटे से कार्यकाल में वह तीन बार दंडित हो चुके हैं।  

केस तीन
हापुड़ में तैनात टिकट निरीक्षक अंबुज चौहान पर एक महिला यात्री ने अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इसके बाद मामले की जांच कराई गई। मामला सही पाए जाने पर अंबुज को निलंबित कर दिया गया था।

केस चार
देहरादून के टीटीई पर गंभीर आरोप लगे थे। रेलवे के गार्ड ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत की थी। जिसके बाद उसे भी निलंबित कर दिया गया। सस्पेंशन के साथ इसके खिलाफ और भी कार्रवाई हो चुकी हैं।

केस पांच
हरिद्वार के टीटीई मनोज कुमार पर भी ट्रेन में महिला यात्री के साथ छेड़छाड़ की शिकायत थी। उन्हें भी निलंबित किया गया था। इनको भी अन्य मामलों में दंडित किया जा चुका है।


महाप्रबंधक ने मांगी रिपोर्ट
बलात्कार की घटनाओं को लेकर देश भर में उबाल है। मंगलवार की घटना को लेकर दिल्ली तक में हड़कंप मचा हुआ है। महाप्रबंधक ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने उत्तर रेलवे के सभी वरिष्ठ मंडल रेल प्रबंधकों से जवाब तलब किया है। जीएम ने संदिग्ध कर्मचारियों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही शराब पीकर चलने वाले चेकिंग स्टाफ की पहचान करने के भी निर्देश दिए हैं। इन लोगों को रेलवे की छवि के लिए घातक बताते हुए चेकिंग ड्यूटी से हटाने को भी कहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed