चालक ने दरोगा पर चढ़ा दिया ट्रक, हुई दर्दनाक मौत
पशु तस्करी रोकने के लिए चंदौसी-अलीगढ़ हाईवे पर सोमवार की मध्यरात्रि को वज्र वाहन के साथ गश्त कर रहे दरोगा (एचसीपी) ने एक कैंटर को रुकने का इशारा किया तो चालक ने कैंटर को दरोगा के ऊपर चढ़ा दिया।
इसके बाद वाहन लेकर भागने लगा। वज्र वाहन में बैठे कांस्टेबल और होमगार्ड ने पीछा किया तो चालक कैंटर को गुन्नौर में छोड़कर भाग गया। पुलिस ने क्लीनर को पकड़ लिया है।
गुन्नौर कोतवाली में तैनात एचसीपी लाजपत सिंह (55) पुत्र सोहन पाल सिंह निवासी रेहड़ बेहलावाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर अपने साथ कांस्टेबल अब्दुल वकील व होमगार्ड लालता राम के साथ वज्रवाहन लेकर रात्रि में चेकिंग कर रहे थे।
मौके पर नहीं पहुंचा कोई उच्चाधिकारी
रात्रि करीब 12.45 बजे गश्ती दल चंदौसी-अलीगढ़ हाईवे पर नरौरा बैराज बैरियर चौकी पर था, तभी आगरा की ओर से खाली कैंटर आ रहा था। गोवंशीय पशु होने के शक में दरोगा ने कैंटर को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने स्पीड बढ़ा दी।
सामने खड़े दरोगा लाजपत सिंह को टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। बैरियर तोड़ते हुए चालक कैंटर लेकर भाग गया। कांस्टेबल व होमगार्ड ने कैंटर का पीछा किया। गुन्नौर में चालक कैंटर को छोड़कर भाग गया लेकिन क्लीनर को पुलिस ने पकड़ लिया।
दरोगा को राजकीय चिकित्सालय ले गए लेकिन उन्हें डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजवीर सिंह यादव व परिजन पहुंच गए। लेकिन किसी उच्चाधिकारी ने मौके पर जाने की जहमत नहीं उठाई।