मंत्री ने दी धमकी, 'चुनाव लड़े तो जेल में डलवा दूंगा'
यूपी में गाजीपुर के भदौरा क्षेत्र की ब्लाक प्रमुख पद की प्रत्याशी प्रेमशीला के पति रामप्रकाश कुशवाहा ने गुरुवार को एसपी को प्रार्थनापत्र देकर पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह पर चुनाव न लड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रार्थनापत्र में रामप्रकाश कुशवाहा ने बताया है कि उनकी पत्नी प्रेमशीला भदौरा ब्लाक से ब्लाक प्रमुख पद की उम्मीदवार हैं। आरोप लगाया है कि 11 नवंबर 2015 को पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश ने उनके मोबाइल पर फोन कर धमकी दी थी कि चुनाव मत लड़िये नहीं तो जेल में डलवा देंगे।
इसका टेप भी है। कुशवाहा ने बताया कि इसे उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया था लेकिन मंत्री के लोग अब उनको धमकी दे रहे हैं। उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह और उनके प्रतिनिधि मन्नू सिंह से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन दोनों का ही फोन नहीं उठा।
पर्यटन मंत्री के खिलाफ शिकायत मिली है। इस मामले की जांच एसपीआरए अनिल कुमार सिंह सिसौदिया को सौंपी गई है। धमकी देने वाले की आवाज की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही सही स्थिति सामने आएगी।
- रामकिशोर, एसपी, गाजीपुर
पूर्व सांसद धनंजय ने की शिकायत
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने चुनाव आयोग को पत्र भेजकर मांग की है कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाए। एजेंटों को पोलिंग बूथ से बाहर रखा जाए और एक-एक कर मतदाताओं को मत देने के लिए भेजा जाए।
उन्होंने कहा है कि सत्ता पक्ष के लोग वोटरों को धमका कर उनके पीछे एक अपना वोटर लगाकर मतदान कराने की फिराक में हैं। ऐसा करने से चुनाव की निष्पक्षता नहीं रह जाएगी।
सुरक्षित स्थान पर हैं प्रिंस
रेवतीपुर ब्लाक क्षेत्र के बीडीसी सलीम आगा उर्फ प्रिंस घर छोड़ कर सुरक्षित स्थान पर हैं। उनको कोई खतरा नहीं है। पिछले दिनों सलीम आगा को एक मंत्री की ओर से धमकी मिलने का टेप वायरल होने के बाद गुरुवार को लखनऊ में प्रिंस का अपहरण होने की अफवाह फैल गई।
इसकी जब जानकारी प्रिंस के समर्थकों को हुई तो वे भौचक रह गए। बाद में टेलीफोन पर हुई प्रिंस से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह सुरक्षित स्थान पर हैं और उनको कोई खतरा नहीं है। उनके अपहरण की अफवाह फैलाई जा रही है।